सेवा संकल्प अभियान 2026: बतौली कॉलेज में विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ और ‘विकसित भारत’ पर रखे विचार, विजेताओं ने मारी बाजी

शासकीय महाविद्यालय बतौली में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन, रूपाली मिंज ने भाषण में पाया पहला स्थान
🔴 आज की बात News | बतौली। ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत शासकीय महाविद्यालय बतौली में विभिन्न रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और “मेरे सपनों का भारत”, “सेवा, समर्पण और सामाजिक दायित्व” तथा “विकसित भारत 2047” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए।
भाषण प्रतियोगिता में रूपाली मिंज अव्वल
महाविद्यालय में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में बी.एससी. पंचम सेमेस्टर की छात्रा रूपाली मिंज ने शानदार वक्तव्य देकर प्रथम स्थान हासिल किया। इसी कक्षा की चांदनी पैकरा ने द्वितीय और पूर्णिमा पैकरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा पीयूष केरकेट्टा, हरिनारायण, सोनमती यादव, चमेली पैकरा, अजीत कुमार, ओम प्रकाश रवि और नेहा एक्का ने भी सहभागिता की। विद्यार्थियों ने विकसित राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तिकरण और नशामुक्त भारत जैसे समसामयिक मुद्दों पर अपने विचार रखे।

रंगोली में दिखा सृजनशीलता का हुनर
रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से विभिन्न सामाजिक संदेश उकेरे। इसमें बी.एससी. पंचम सेमेस्टर की छात्रा रूपाली मिंज, चांदनी पैकरा और चमेली पैकरा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर की सुकृता तिग्गा व लक्ष्मी पैकरा ने द्वितीय स्थान तथा गीता प्रधान, रीता प्रधान व पूर्णिमा पैकरा की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में स्वस्थ लोकतंत्र, प्रदूषण मुक्त भारत और नारी सशक्तिकरण जैसी थीम पर सुंदर रंगोलियां बनाई गईं।
पोस्टर प्रतियोगिता और मतदाता जागरूकता शपथ
पोस्टर प्रतियोगिता में पीयूष केरकेट्टा, रूपाली मिंज, जूही तिग्गा, सुरेंद्र बड़ा, अभिन्न कुमार, अल्मा कुजूर, शीबा रानी एक्का और चंद्रगांधी ने कैनवास पर आकर्षक पोस्टर बनाए। इसके साथ ही ‘स्वीप’ के नोडल प्राध्यापक प्रो. गोवर्धन प्रसाद सूर्यवंशी द्वारा विद्यार्थियों को निष्पक्ष मतदान एवं मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान कैंपस एम्बेसडर रवीना नागेश और समीर पैकरा विशेष रूप से मौजूद रहे।
शिक्षकों ने निभाई निर्णायक की भूमिका
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.आर. भगत के मार्गदर्शन में यह पूरा आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिताओं में प्रो. तारा सिंह मरावी, प्रो. गोवर्धन प्रसाद सूर्यवंशी, प्रो. बलराम चंद्राकर, प्रो. श्रीमती सुभागी भगत, प्रो. जिवियन खेस्स सहित अतिथि शिक्षक गोपाल यादव, सुश्री शिल्पी एक्का और श्रीमती मनीषा एक्का ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का सफल संचालन सांस्कृतिक प्रभारी प्रो. गोवर्धन प्रसाद सूर्यवंशी ने किया।




