पॉलिटिक्स

बिजली दर वृद्धि और अघोषित कटौती के विरोध में कांग्रेस का बिजली कार्यालय घेराव

सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केरा रोड स्थित बिजली कार्यालय का घेराव कर बिजली दर वृद्धि वापस लेने की मांग की, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बिजली दरों में वृद्धि और लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर-चांपा के नेतृत्व में बुधवार को केरा रोड स्थित बिजली कार्यालय का घेराव किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को प्रतीकात्मक रूप से चूड़ियां भेंट कीं और मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर घरेलू बिजली दरों में की गई वृद्धि को तत्काल वापस लेने तथा प्रदेशभर में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग की गई।

सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और जिले भर से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने “महंगी बिजली नहीं चलेगी”, “जनविरोधी नीति नहीं चलेगी”, “डबल इंजन सरकार, जनता पर महंगाई की मार” और “जनविरोधी फैसले वापस लो” जैसे नारों के साथ विरोध दर्ज कराया।

जनता पर बढ़ाया जा रहा आर्थिक बोझ : राजेश अग्रवाल

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे राज्य में जहां कोयला, बिजली उत्पादन के संसाधन और पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, वहां की जनता को महंगी बिजली खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश सरकार ने चरणबद्ध तरीके से बिजली दरों में वृद्धि कर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की डबल इंजन सरकार आम जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के बाद अब बिजली दरों में वृद्धि कर लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी गई हैं।

किसानों, छात्रों और व्यापारियों पर पड़ रहा असर

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली अब केवल सुविधा नहीं बल्कि आम नागरिकों की मूल आवश्यकता बन चुकी है। ऐसे समय में बिजली दरों में वृद्धि गरीबों, किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, छोटे व्यापारियों और मध्यमवर्गीय परिवारों के हितों पर सीधा आघात है। यह आरोप लगाया कि प्रदेशभर में जारी अघोषित बिजली कटौती से किसानों को सिंचाई में परेशानी हो रही है, छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और छोटे उद्योग-धंधों का संचालन भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को घंटों अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा बड़ा आंदोलन

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा ने सस्ती बिजली, बेहतर सुविधाएं और सुशासन का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार अपने वादों से पीछे हट गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली दरों में की गई वृद्धि वापस नहीं ली गई और अघोषित बिजली कटौती बंद नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

  • घरेलू उपभोक्ताओं पर बढ़ाया गया बिजली शुल्क तत्काल वापस लिया जाए।
  • प्रदेशभर में अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए।
  • किसानों को सिंचाई हेतु निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
  • गरीब, मजदूर, छोटे व्यापारियों और मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

इन नेताओं ने किया संबोधित

कार्यक्रम को जिला कांग्रेस पदाधिकारियों रमेश पैगवार, विवेक सिंह सिसोदिया, भगवानदास गढ़वाल, अजीत सिंह राणा, गिरधारी यादव, रविंद्र शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामविलास राठौर, सुनील साधवानी, गौरव सिंह, रविंद्र शर्मा, बबला महाराज, नवल सिंह तथा जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शुक्ला ने संबोधित किया।

महिला कांग्रेस की ओर से ज्योति किशन कश्यप एवं मनोरमा पाटेकर ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष रफीक सिद्दीकी ने किया जबकि आभार प्रदर्शन कांग्रेस सेवा दल के जिला संगठक मंत्री देव कुमार पांडे ने किया।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे कार्यकर्ता

प्रदर्शन में सुखराम गरेवाल, विष्णु यादव, अरमान खान, अक्षय टेकाम, रवि सूर्यवंशी, संदीप साहू, अनिल वर्मा, जितेंद्र वर्मा, नेहा केसरवानी, मनोज तिवारी, सुशांत सिंह, शाश्वत धरदीवान, गौतम राठौर, हरीश पांडेय, अंजली देवांगन, ललित देवांगन, पुरुषोत्तम देवांगन, दुर्गा कुर्रे, तमेंद्र देवांगन, कविता देवांगन, केशव सोनी, अनिल बनकर, अमन अग्रवाल, महेंद्र कश्यप, आकाश तिवारी, किशोर साव, अनिल राठौर, सुधांशु तिवारी, अनिल चौरसिया, छतराम साहू, छतराम कहरा, राजा सिद्दीकी, जफर खान, बलबीर सिंह, योगेंद्र राठौर, राकेश जोशी, जीवन बंजारे, सानिया जांगड़े, रवि राठौर, किरण यादव, बसंत अग्रवाल, असीम खान, महमूद खान, जितेंद्र दिनकर, शांति कुमार साहू, हर्ष शुक्ला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button