
काम से लौट रही महिला को जबरन बस में खींचकर की हैवानियत; खून से लथपथ हालत में सड़क पर फेंका, बस जब्त
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के रानी बाग इलाके में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार (11 मई) की रात, पीतमपुरा निवासी 30 वर्षीय महिला मंगोलपुरी की एक फैक्ट्री से काम खत्म कर पैदल घर लौट रही थी। सरस्वती विहार बस स्टैंड के पास खड़ी एक स्लीपर बस के पास जाकर महिला ने समय पूछा, तभी दरिंदों ने उसे जबरन बस के अंदर खींच लिया।
चलती बस में 2 घंटे तक गैंगरेप
आरोपियों ने बस का दरवाजा बंद कर ड्राइवर को गाड़ी चलाने को कहा। रानी बाग से नांगलोई के बीच करीब 2 घंटे तक चलती बस में दो आरोपियों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़ित महिला को खून से लथपथ हालत में सड़क पर फेंक दिया और फरार हो गए। पीड़िता शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस ने रानी बाग थाने में मुकदमा दर्ज किया। मेडिकल परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई स्लीपर बस को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।



