मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुनी ‘मन की बात’: बोले- AI और तकनीक से बदल रहा है देश

रायपुर | मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ (131वीं कड़ी) को सुना। कार्यक्रम के दौरान उनके साथ कई जनप्रतिनिधि और आम नागरिक भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह कार्यक्रम देश के कोने-कोने में हो रही सकारात्मक पहल और नवाचारों को एक बड़ा मंच देता है।
AI और डिजिटल इंडिया: प्रधानमंत्री द्वारा AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की चर्चा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अब तकनीक के क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। ‘मेड इन इंडिया’ के तीन नए AI मॉडल का लॉन्च होना देश की बढ़ती ताकत का सबूत है। छत्तीसगढ़ भी डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और स्टार्टअप के जरिए इस रेस में आगे बढ़ रहा है।
चावल उत्पादन में नंबर 1: मुख्यमंत्री साय ने धान की 500 से अधिक किस्मों और भारत के दुनिया का सबसे बड़ा चावल उत्पादक बनने पर खुशी जताई। उन्होंने इसका श्रेय छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश के किसानों की मेहनत को दिया।
मासूम का अंगदान: केरल की 10 महीने की बच्ची आलिन शेरिन अब्राहम के अंगदान के फैसले को मुख्यमंत्री ने मानवता की सबसे बड़ी मिसाल बताया।
साइबर सुरक्षा: कार्यक्रम में ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे साइबर अपराधों से बचने के पीएम मोदी के संदेश को मुख्यमंत्री साय ने आज के दौर में बेहद जरूरी बताया।
परंपरा और तकनीक का मेल
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमूल में पशु चिकित्सा के लिए AI का उपयोग और ‘सुश्रुत संहिता’ जैसे प्राचीन ग्रंथों का संरक्षण दिखाता है कि भारत अपनी जड़ों से जुड़ा रहकर आधुनिकता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने आगामी होली और रमजान के त्योहारों के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ का समर्थन करते हुए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की।
इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और विधायक प्रबोध मिंज सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।




