नवापारा में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, 200 ट्रैक्टर रेत वापस नदी में डलवाई गई

संयुक्त टीम की कार्रवाई में 2 हाईवा जब्त, प्रशासन ने दी सख्ती की चेतावनी
जांजगीर-चांपा, 10 अप्रैल 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज उत्खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में ग्राम नवापारा क्षेत्र में राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध रेत उत्खनन एवं भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई की।
200 ट्रैक्टर रेत वापस नदी में डलवाई
जांच के दौरान नदी किनारे बड़े पैमाने पर अवैध रेत भंडारण पाया गया। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए लगभग 200 ट्रैक्टर रेत को पुनः नदी में डलवाया, ताकि अवैध भंडारण को समाप्त किया जा सके।
2 हाईवा वाहन जब्त
कार्रवाई के दौरान अवैध परिवहन में संलिप्त 2 हाईवा वाहनों को जब्त कर पुलिस लाइन में सुरक्षार्थ रखा गया है। संबंधित प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
कानूनी प्रावधानों के तहत होगी कार्रवाई
जिला खनिज अधिकारी के अनुसार, दर्ज प्रकरण में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने दी चेतावनी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




