Chhattisgarhnational

कांकेर: आईईडी ब्लास्ट में डीजीआर के 3 जवान शहीद, इलाके को ‘नक्सल मुक्त’ घोषित किए जाने के बाद बड़ी वारदात

कांकेर/नारायणपुर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सलियों की कायराना करतूत के कारण सुरक्षाबलों को भारी क्षति पहुंची है। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के जंगलों में डीमाइनिंग अभियान के दौरान हुए एक शक्तिशाली आईईडी विस्फोट में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) के तीन जवान शहीद हो गए, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल है। यह हमला उस समय हुआ जब जवान इलाके को सुरक्षित करने के लिए सर्च ऑपरेशन चला रहे थे।

आईईडी निष्क्रिय करते समय हुआ धमाका
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा बलों को खुफिया सूचना मिली थी कि नारायणपुर सीमा से सटे जंगलों में नक्सलियों ने जवानों को नुकसान पहुँचाने के लिए आईईडी छिपाए हैं। सूचना के आधार पर डीआरजी की टीम सर्चिंग पर निकली थी। अभियान के दौरान एक संदिग्ध आईईडी मिलने पर जब जवान उसे निष्क्रिय (Defuse) करने का प्रयास कर रहे थे, तभी अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना भीषण था कि तीन जवानों को संभलने का मौका भी नहीं मिला।

इन वीर सपूतों ने दिया बलिदान
नक्सल मोर्चे पर लड़ते हुए शहीद होने वाले जांबाज जवानों के नाम इस प्रकार हैं:
इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी
कांस्टेबल कृष्णा कोमरा
कांस्टेबल संजय गढ़पाले
हादसे में घायल कांस्टेबल परमानंद कोमरा को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में वीर जवानों के शहीद होने का दुखद समाचार मिला है। शहीद परिवारों के साथ सरकार पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है। जवानों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।” मुख्यमंत्री ने घायल जवान के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल?
गौरतलब है कि अभी पिछले महीने 31 मार्च को ही इस क्षेत्र को नक्सल प्रभाव से मुक्त घोषित किए जाने की चर्चाएँ थीं। ऐसे में इस ताजा हमले ने सुरक्षा एजेंसियों को फिर से अलर्ट मोड पर डाल दिया है। बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसी कायराना हरकतों का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button