Chhattisgarh

बीजापुर के इन्द्रावती इलाके में मुठभेड़, दो नक्सली मारे गए

न्यूज डेस्क | बीजापुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक और अहम सफलता मिली है। बीजापुर जिला के जांगला थाना क्षेत्र अंतर्गत इन्द्रावती नदी इलाके में हुई मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इन्द्रावती नदी क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के जवानों की संयुक्त टीम को सर्च ऑपरेशन पर रवाना किया गया था। अभियान के दौरान भैरमगढ़ एरिया कमेटी से जुड़े नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।

मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में चलाए गए तलाशी अभियान में एक महिला और एक पुरुष नक्सली का शव बरामद किया गया। दोनों नक्सली वर्दीधारी बताए जा रहे हैं। मौके से एक एसएलआर, एक इंसास राइफल, 12 बोर की राइफल तथा विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई है।

घटना की पुष्टि करते हुए बीजापुर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि इन्द्रावती नदी इलाके में 5 से 6 नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना थी, जिसके आधार पर यह ऑपरेशन चलाया गया। मारे गए नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार द्वारा 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन, गिरफ्तारियों और आत्मसमर्पण की कार्रवाई तेज की गई है। पुलिस प्रशासन ने इन्द्रावती क्षेत्र में सक्रिय शेष नक्सलियों से आत्मसमर्पण की अपील भी की है।

Related Articles

Back to top button