DEO की कार्यशैली से शिक्षा विभाग का स्टाफ परेशान, छुट्टी के बाद भी ऑफिस में रोके जा रहे कर्मचारी

शाम ढलने तक चलता रहा कामकाज, कर्मचारियों में नाराजगी; विभागीय व्यवस्था पर उठे सवाल
जांजगीर-चांपा। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की कार्यशैली को लेकर कर्मचारियों में असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। आरोप है कि डीईओ अशोक कुमार सिन्हा द्वारा नियमित कार्यालय समय खत्म होने के बाद भी कर्मचारियों को देर शाम तक ऑफिस में बैठाकर काम कराया जा रहा है, जिससे स्टाफ के बीच नाराजगी बढ़ती जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, शासकीय कार्यालयों का निर्धारित समय सुबह 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक है, लेकिन जिला शिक्षा कार्यालय में कर्मचारियों को इसके बाद भी रुकना पड़ रहा है। मंगलवार शाम करीब 6 बजे तक डीईओ कार्यालय में गतिविधियां जारी रहीं और अलग-अलग शाखाओं के कर्मचारियों को बुलाकर काम लिया जाता रहा।
“समय खत्म, फिर भी छुट्टी नहीं”
कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों के बीच इस बात को लेकर नाराजगी देखी गई कि नियमित समय समाप्त होने के बाद भी उन्हें रुकना पड़ रहा है। कर्मचारियों के बीच चर्चा रही कि लगातार देर तक ऑफिस में रुकने से वे समय पर घर नहीं पहुंच पा रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर, कई शाखाओं के कर्मचारी समय पूरा होते ही अपने कमरों में ताला लगाकर रवाना हो जाते हैं। ऐसे में कुछ शाखाओं में ताले लटके दिखाई दिए, जबकि दूसरी ओर कुछ कर्मचारियों से देर तक काम लिया जाता रहा।
ऑफिस समय के बाद कामकाज पर उठे सवाल
शासकीय कार्यालय में नियमित समय के बाद भी कामकाज जारी रहने को लेकर विभागीय व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। चर्चा यह भी है कि आखिर ऐसा कौन-सा जरूरी काम था, जिसके लिए कर्मचारियों को देर शाम तक रोके रखना पड़ा।
हालांकि, पूरे मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।




