क्राइमछत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

जांजगीर-चांपा पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, एनकाउंटर के बाद लूट गिरोह बेनकाब

पुलिस पर फायरिंग करने वाला मास्टरमाइंड रामनाथ घायल, 6 आरोपी और 2 बाल अपचारी दबोचे गए

6 वारदातों में 14 लोगों पर जानलेवा हमला, ₹4.09 लाख का माल जब्त


जांजगीर-चांपा। जिले में लगातार हो रही लूट और जानलेवा हमलों से दहशत फैला रहे बदमाशों के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। थाना शिवरीनारायण और पामगढ़ क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद एक संगठित आपराधिक गिरोह का खुलासा हुआ है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में गिरोह का मास्टरमाइंड रामनाथ सबरिया पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक 27 और 29 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात बदमाशों ने पामगढ़ और शिवरीनारायण थाना क्षेत्रों में 6 अलग-अलग स्थानों पर वारदातों को अंजाम दिया। इन घटनाओं में 14 लोगों पर रॉड, लोहे के पाइप, डंडे और बेल्ट से जानलेवा हमला किया गया। हमलों में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों का इलाज बिलासपुर और रायपुर के अस्पतालों में चल रहा है।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। साइबर थाना की तकनीकी मदद और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से आरोपियों की पहचान की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार और एसडीओपी अकलतरा प्रदीप सोरी के नेतृत्व में संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 6 आरोपियों और 2 विधि से संघर्षरत बालकों को धर दबोचा।


सुनसान रास्तों पर बनाते थे निशाना
जांच में सामने आया है कि आरोपी रात के समय मोटरसाइकिल से सुनसान और अंधेरे रास्तों पर घूमते थे। राहगीरों को रोककर सीधे सिर पर प्राणघातक वार कर गंभीर रूप से घायल कर देते थे और फिर मोबाइल फोन, नकदी व अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे। एक ही रात में कई लोगों पर हमला करना इनका तय पैटर्न था।


मुठभेड़ में चला गोली-बारी
पुलिस की घेराबंदी के दौरान आरोपी रामनाथ ने देशी कट्टे से पुलिस पर फायरिंग की। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू में लिया गया।

₹4.09 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 स्टील रॉड, 2 डंडे, 1 बेल्ट, 4 मोटरसाइकिल, 1 स्कूटी, 10 मोबाइल फोन और नगद राशि सहित कुल ₹4.09 लाख की संपत्ति जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ शिवरीनारायण और पामगढ़ थानों में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से इलाके में फैले खौफ पर ब्रेक लगा है और आम लोगों ने राहत की सांस ली है।

Related Articles

Back to top button