Chhattisgarh

पूर्व प्रभारी प्राचार्य कुंज किशोर निलंबित, संचालनालय लोक शिक्षण ने जारी किया आदेश

छात्रों से रंगाई-पुताई कराने, अधिक फीस वसूली और देवी-देवताओं पर टिप्पणी के आरोपों के बाद हुई कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। जिले के बहुचर्चित आत्मानंद स्कूल महात्मा ज्योतिबा फुले उत्कृष्ट विद्यालय डोंगाकोहरौद के पूर्व प्रभारी प्राचार्य कुंज किशोर के खिलाफ संचालनालय लोक शिक्षण रायपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। निलंबन के बाद उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय जांजगीर-चांपा में अटैच किया गया है।

कलेक्टर को मिली थी गंभीर शिकायतें
बताया जा रहा है कि दिसंबर 2025 में कलेक्टर के समक्ष कुंज किशोर के खिलाफ कई गंभीर शिकायतें सामने आई थीं। आरोप था कि प्रैक्टिकल परीक्षा में विद्यार्थियों को 10 बोनस अंक देने के नाम पर उनसे स्कूल की रंगाई-पुताई कराई गई। इसके अलावा स्कूल फीस की अधिक वसूली और हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप भी लगा था। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ था।

कलेक्टर ने मौके पर पहुंचकर कराई थी जांच
शिकायत सामने आने के बाद कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ स्कूल पहुंचकर मामले की जांच की थी। जांच के दौरान विद्यार्थियों और संबंधित लोगों के बयान लिए गए थे। इसके बाद तत्काल प्रभाव से कुंज किशोर को वहां से हटाकर अन्य स्कूल में व्याख्याता के पद पर पदस्थ करने का आदेश जारी किया गया था।

जांच प्रतिवेदन के आधार पर निलंबन
इस मामले की विस्तृत जांच के बाद कलेक्टर जांजगीर-चांपा द्वारा 11 दिसंबर 2025 को जांच प्रतिवेदन संचालनालय लोक शिक्षण रायपुर भेजा गया था। प्रतिवेदन और बयान से असंतुष्ट होकर संचालनालय लोक शिक्षण ने 9 मार्च को कुंज किशोर के निलंबन का आदेश जारी किया है।

मामले में पुलिस कार्रवाई भी हो चुकी है
वायरल वीडियो में देवी-देवताओं के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी के मामले में हिंदू संगठनों ने पामगढ़ थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पामगढ़ पुलिस ने कुंज किशोर के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार भी किया था।

Related Articles

Back to top button