लायंस स्कूल चांपा में छात्राओं को मिली नई दिशा: पर्वतारोही समीरा खान ने जगाया आत्मविश्वास, महिला पुलिस अधिकारियों ने सिखाए सुरक्षा व अधिकारों के गुर

मार्गदर्शन एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम: पर्वतारोही समीरा खान ने साझा किए अपने अनुभव; लोहारा पारा की अमिता श्रीवास ने दिए आत्मनिर्भरता के टिप्स
जांजगीर-चांपा। चांपा स्थित लायंस स्कूल के सभागार में सोमवार दोपहर 2 बजे छात्राओं के मार्गदर्शन और व्यक्तित्व विकास के उद्देश्य से एक भव्य प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं भारतीय पर्वतारोही सुश्री समीरा खान ने छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए उनमें आत्मविश्वास, साहस और नेतृत्व क्षमता का नया संचार किया।
पर्वतारोही के अनुभवों से प्रेरित हुईं छात्राएं
कार्यक्रम में पर्वतारोही समीरा खान ने अपने पर्वतारोहण के दुर्गम और संघर्षपूर्ण अनुभवों को साझा किया। उन्होंने छात्राओं को सीख दी कि जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करें और कठिन परिस्थितियों से घबराने के बजाय उनका डटकर सामना करें। सफलता के लिए आत्मविश्वास, अनुशासन, साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।
आत्मरक्षा और अधिकारों के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम में लोहारा पारा (चांपा) की सुश्री अमिता श्रीवास ने अपनी जीवन-यात्रा और संघर्षों के अनुभव साझा करते हुए छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। वहीं, पुलिस विभाग से उपस्थित उप निरीक्षक रुकसाना बानो और उप निरीक्षक निकिता साहू ने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, आत्मरक्षा, आत्मविश्वास और अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए।
प्रबुद्धजनों की गरिमामयी मौजूदगी
कार्यक्रम में लायंस क्लब के अध्यक्ष एमजेएफ लायन संतोष कुमार सोनी, एमजेएफ लायन डॉ. संतोष कुमार अग्रवाल, लायंस क्लब एजुकेशनल सोसाइटी के सचिव सीए सुरेश अग्रवाल तथा लायंस क्लब सचिव लायन वासुदेव चंद्र देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अजीता वी. के., शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहीं। वक्ताओं के विचारों से प्रेरित होकर छात्राएं अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होने के लिए काफी उत्साहित नजर आईं।




