भोपालपुरिया परिवार का भव्य आयोजन: अयोध्या के पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी राघवाचार्य नैला में कराएंगे श्रीमद्भागवत कथा का रसपान

पितृ मोक्ष एवं गया श्राद्ध निमित्त 12 से 18 सितंबर तक आयोजन; 11 को स्वामी जी का स्वागत, 12 सितंबर को निकलेगी मंगल कलश यात्रा

जांजगीर-नैला। पितृ मोक्ष एवं गया श्राद्ध के पावन निमित्त स्व. सेठमल जी एवं श्रीमती सरिया देवी जी के वंशज भोपालपुरिया परिवार द्वारा नैला में 12 सितंबर से 18 सितंबर 2026 तक भव्य ‘श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ’ का आयोजन किया जा रहा है। इस सात दिवसीय आध्यात्मिक अनुष्ठान में कथा व्यास के रूप में श्रीरामलला सदन देवस्थानम् ट्रस्ट, श्री धाम अयोध्या के पीठाधीश्वर श्रीमद् जगद्गुरु रामानुजाचार्य डॉ. स्वामी श्री राघवाचार्य जी महाराज श्रद्धालुओं को अमृतमयी कथा का रसपान कराएंगे। कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से सायं 7:00 बजे तक श्री अग्रसेन भवन के सामने संपन्न होगा।
मंगल कलश यात्रा से शुरुआत, विभिन्न प्रसंगों का होगा भावपूर्ण वर्णन
आयोजन के तहत 11 सितंबर को महिला सत्संग भवन में पूज्य स्वामी जी के प्रथम आगमन पर स्वागत किया जाएगा। इसके उपरांत मुख्य कथा के प्रथम दिन 12 सितंबर को प्रातः 9:30 बजे श्री राम मंदिर से कथा स्थल तक भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी। सात दिवसीय आयोजन के दौरान कपिल देवहूति संवाद, ध्रुव चरित्र, नृसिंह अवतार, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, गोवर्धन पूजा, छप्पन भोग और रुक्मिणी विवाह जैसे पावन प्रसंग उल्लासपूर्वक मनाए जाएंगे।

19 सितंबर को पूर्णाहुति
कथा ज्ञान यज्ञ के समापन पर 19 सितंबर को पूर्णाहुति हवन, महाआरती एवं संत आशीर्वाद वचन संपन्न होगा। भोपालपुरिया परिवार ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से सपरिवार शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। उक्त जानकारी परिवार के सदस्य संतोष भोपालपुरिया ने दी।





