फसल विविधीकरण को मिलेगा बढ़ावा, किसानों की आय बढ़ाने वाला ऐतिहासिक फैसला : इंजी. रवि पाण्डेय

कृषि उन्नति योजना के नए स्वरूप का स्वागत, वैकल्पिक फसलों पर किसानों को मिलेगी प्रति एकड़ ₹15 हजार सहायता
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजी. रवि पाण्डेय ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों, गरीबों और प्रदेश के समग्र विकास के लिए लगातार दूरदर्शी एवं ऐतिहासिक फैसले ले रही है।
इंजी. पाण्डेय ने कहा कि खरीफ वर्ष 2026 से कृषि उन्नति योजना के नवीन स्वरूप को मंजूरी दिया जाना प्रदेश के किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम है। राज्य सरकार ने कृषि क्षेत्र में फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने, किसानों की आय बढ़ाने और धान पर अत्यधिक निर्भरता कम करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है।
वैकल्पिक फसलों की खेती पर मिलेगा प्रोत्साहन
उन्होंने बताया कि योजना के तहत धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास जैसी वैकल्पिक खरीफ फसलों की खेती करने वाले किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये की आदान सहायता प्रदान की जाएगी।योजना का लाभ एकीकृत किसान पोर्टल, एग्रीटेक पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे के आधार पर पात्र किसानों को मिलेगा।
कृषि क्षेत्र होगा अधिक आत्मनिर्भर
इंजी. रवि पाण्डेय ने कहा कि इस पहल से प्रदेश में दलहन एवं तिलहन उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा, किसानों को बेहतर बाजार और अधिक आय प्राप्त होगी तथा कृषि क्षेत्र अधिक आत्मनिर्भर और टिकाऊ बनेगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय केवल किसानों की आमदनी बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जल संरक्षण, भूमि की उर्वरता बनाए रखने और वैज्ञानिक कृषि प्रबंधन को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगा।



