जाँजगीर -चाँपा

ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल में गरिमा के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस, महिला शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का हुआ विशेष सम्मान, पुरुष स्टाफ ने पेश की अनूठी मिसाल

जांजगीर चाम्पा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी में एक भव्य और प्रेरणादायक समारोह का आयोजन किया गया। संस्था संचालक आलोक अग्रवाल, डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल एवं प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में नारी शक्ति के सम्मान और समाज में उनके अतुलनीय योगदान को रेखांकित किया गया। समारोह की विशेषता यह रही कि विद्यालय के पुरुष स्टाफ ने अपनी महिला सहकर्मियों और कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्हें ‘प्रशस्ति प्रमाण पत्र’ एवं स्मृति चिन्ह के रूप में ‘फोटो फ्रेम’ भेंट किए गए। प्रबंधन का मानना है कि शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं का समर्पण विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की आधारशिला है।
प्रतिभा और क्षमता का सम्मान:
संबोधन के दौरान संस्था संचालक आलोक अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान दौर में महिलाएं विज्ञान, प्रशासन, खेल और कला सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध कर रही हैं। उन्होंने विद्यालय की महिला शिक्षिकाओं के अनुशासन और परिश्रम की सराहना की। वहीं, डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जब महिलाओं को समान अवसर और सम्मान मिलता है, तभी एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।
सौहार्दपूर्ण वातावरण और सहभोज:
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में एक पारिवारिक और सकारात्मक वातावरण देखने को मिला। महिला दिवस को यादगार बनाने के उद्देश्य से विद्यालय प्रबंधन द्वारा शहर के ‘ड्रीम पॉइंट होटल’ में समस्त स्टाफ के लिए विशेष लंच का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी ने मिलकर समय बिताया और समाज में महिला अधिकारों व समानता के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। अंत में महिला स्टाफ ने इस सम्मानजनक पहल के लिए प्रबंधन व पुरुष सहकर्मियों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button