करही में अवैध रेत परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, पांच ट्रैक्टर जब्त,

कलेक्टर के सख्त निर्देश पर रात में छापेमारी, अवैध खनन करने वालों में मचा हड़कंप
सक्ती। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के सख्त निर्देश पर जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रशासन ने करही गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में लगे पांच ट्रैक्टर जब्त किए हैं।
रात 1 बजे संयुक्त टीम की छापेमारी
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सक्ती कावेरी मरकाम, तहसीलदार हसौद गरिमा मनहर, तहसीलदार सक्ती लक्ष्मीकांत कोरी और थाना प्रभारी बिर्रा की संयुक्त टीम ने तहसील हसौद अंतर्गत ग्राम करही में देर रात करीब 1 बजे छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से रेत का भंडारण और परिवहन करते पाए जाने पर 05 ट्रैक्टरों को जब्त किया गया।
खनिज-राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई
खनिज और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से की गई इस कार्रवाई से अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। प्रकरण में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 एवं खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर का सख्त संदेश
कलेक्टर तोपनो ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निगरानी और कार्रवाई जारी
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।



