जांजगीर: दो आदतन गुंडे एक साल के लिए जिला बदर, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

पामगढ़ के आकाश सिंह और चांपा के फैजल खान पर हुई बड़ी कार्रवाई;
जांजगीर समेत 5 पड़ोसी जिलों की सीमाओं में प्रवेश पर लगा प्रतिबंध
जांजगीर-चांपा। जिला प्रशासन ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो कुख्यात बदमाशों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। पामगढ़ थाना क्षेत्र के भैंसों निवासी आकाश सिंह और चांपा के बरपाली चौक निवासी फैजल खान को एक साल के लिए जिला बदर कर दिया गया है। इन दोनों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, बलवा और जान से मारने की धमकी देने जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन पर एक्शन
पुलिस अधीक्षक द्वारा भेजे गए विस्तृत प्रतिवेदन में बताया गया कि ये दोनों आरोपी बेहद दुस्साहसी और आक्रामक प्रवृत्ति के हैं। इनके खौफ के कारण आम जनता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने से भी कतराती थी। बार-बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बावजूद इनके व्यवहार में सुधार नहीं हो रहा था। जनमानस की सुरक्षा और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने इनके जिला बदर की सिफारिश की थी।
इन जिलों की सीमाओं से रहना होगा बाहर
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धाराओं के तहत आदेश पारित किया है। अब इन दोनों बदमाशों को अगले एक साल तक जांजगीर-चांपा जिला सहित सरहदी जिलों सक्ती, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा और बलौदा बाजार की सीमाओं से बाहर रहना होगा। आदेश का उल्लंघन करने पर इनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



