Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा में देर रात गोलीकांड, एक भाई की मौत, दूसरा गंभीर, करही गांव में नकाबपोश बदमाशों का हमला

जांजगीर-चांपा। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करही में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर दो सगे भाइयों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

घर में घुसकर की गई फायरिंग
बताया जा रहा है कि रात करीब 1 बजे तीन अज्ञात बदमाश घर में घुसे और सो रहे दोनों भाइयों पर फायरिंग कर दी। इस हमले में बड़े भाई आयुष कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटे भाई आशुतोष कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घायल आशुतोष कश्यप को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।


घटना की सूचना मिलते ही जांजगीर-चांपा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। आरोपियों की तलाश के लिए क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई है।


पुलिस द्वारा घर और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और जल्द गिरफ्तारी हो सके।

विधायक ने लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक ब्यास कश्यप जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल और उनके परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।


फिलहाल पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखा जा रहा है।


घटना के बाद करही गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों में दहशत है और लोग सहमे हुए हैं।

Related Articles

Back to top button