NEET पेपर लीक का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, एनटीए से जुड़ा केमिस्ट्री लेक्चरर सीबीआई के शिकंजे में

पुणे स्थित घर में चल रही थी गुप्त क्लास, छात्रों को पहले ही बताए गए थे परीक्षा के सवाल और जवाब
नई दिल्ली, 15 मई 2026। नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पी.वी. कुलकर्णी के रूप में हुई है, जो पेशे से केमिस्ट्री के लेक्चरर हैं और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसी के अनुसार आरोपी मूल रूप से महाराष्ट्र के लातूर का निवासी है और पुणे में पढ़ाता था। परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ा होने के कारण उसे प्रश्नपत्र से संबंधित गोपनीय जानकारी तक पहुंच हासिल थी।
पुणे के घर में चल रही थी गुप्त क्लास
सीबीआई जांच में खुलासा हुआ है कि अप्रैल 2026 के अंतिम सप्ताह में आरोपी ने मनीषा वाघमारे नामक महिला की मदद से कुछ छात्रों को इकट्ठा किया और पुणे स्थित अपने घर पर विशेष क्लास शुरू की। इन क्लासों में छात्रों को संभावित नहीं बल्कि वास्तविक प्रश्न, उनके विकल्प और सही उत्तर बताए जाते थे। छात्र इन सवालों को अपनी कॉपी में लिख लेते थे और उसी आधार पर तैयारी कर रहे थे। जांच के दौरान जब इन नोट्स और असली प्रश्नपत्र का मिलान किया गया, तो दोनों में सवाल पूरी तरह एक जैसे पाए गए। इससे स्पष्ट हुआ कि परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र लीक किया गया था।
पहले ही गिरफ्तार हो चुकी है महिला आरोपी
मामले में सीबीआई पहले ही 14 मई 2026 को मनीषा वाघमारे को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा प्रश्नपत्र कितने छात्रों तक पहुंचाया गया।
देशभर में मचा था हड़कंप
3 मई 2026 को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा में देशभर से लाखों छात्र शामिल हुए थे। परीक्षा के बाद कई राज्यों में पेपर लीक की शिकायतें सामने आने लगी थीं। इसके बाद मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी।
अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों को बड़े नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद है।




