national

नई दिल्ली: जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को अस्पताल ले गई दिल्ली पुलिस, हाईकोर्ट के आदेश का दिया हवाला

दिल्ली पुलिस ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश, चिकित्सकीय सलाह और बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए कार्रवाई की गई। सहयोगियों ने कार्रवाई पर आपत्ति जताई।

🔴 Aaj Ki Baat News | नई दिल्ली

जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने वहां से हटाकर सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति, विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और दिल्ली हाईकोर्ट के आदेशों के अनुपालन में की गई। पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह सीमित संख्या में पुलिसकर्मियों ने जंतर-मंतर पहुंचकर सोनम वांगचुक को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बल भी तैनात रहे।

नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (DCP) ने बताया कि सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञ डॉक्टरों ने तत्काल उपचार की सलाह दी थी। इसी के आधार पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। पुलिस का दावा है कि पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से की गई और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए आवश्यक सावधानी बरती गई।

सहयोगियों ने जताई आपत्ति

कार्रवाई के बाद सोनम वांगचुक के सहयोगी अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया कि उनकी गैर-मौजूदगी में वांगचुक को धरना स्थल से हटाया गया। उन्होंने कहा कि आंदोलन जारी रहेगा और विरोध स्वरूप भूख हड़ताल भी जारी रखी जाएगी।

पुलिस की अपील

दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए शांतिपूर्वक धरना स्थल खाली करने की अपील की है। वहीं, मामले को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह कानून और चिकित्सकीय सलाह के अनुरूप की गई।

Related Articles

Back to top button