Chhattisgarh

जनसेवा ही प्रशासनिक सेवा का सर्वोच्च उद्देश्य : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को संवेदनशीलता, निष्पक्षता और समर्पण के साथ दायित्व निभाने की दी सीख।

🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रविवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी, निमोरा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के तीन प्रशिक्षु अधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात कर मार्गदर्शन प्राप्त किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने अधिकारियों को सफलता की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा जनसेवा का सबसे प्रभावी माध्यम है। एक प्रशासनिक अधिकारी के निर्णय हजारों लोगों के जीवन को प्रभावित करते हैं, इसलिए प्रत्येक निर्णय में जनहित सर्वोपरि होना चाहिए।

संवेदनशीलता और निष्पक्षता से करें कार्य

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे संवेदनशीलता, निष्पक्षता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और समाधान की दिशा में कार्य करना प्रशासनिक सेवा का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान का वास्तविक महत्व तभी है, जब उसका उपयोग समाज और आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए किया जाए।

छत्तीसगढ़ की संभावनाओं से कराया अवगत

मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु अधिकारियों को छत्तीसगढ़ की सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों, तेजी से विकसित हो रही कनेक्टिविटी, पर्यटन की संभावनाओं, नक्सल उन्मूलन में मिली सफलता तथा प्रदेश की विकास यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने राज्य की सांस्कृतिक विविधता, जनजातीय परंपराओं और विकास के नए अवसरों पर भी अपने अनुभव साझा किए।उन्होंने कहा कि ईमानदारी, निष्ठा और जनहित की भावना से लिया गया प्रत्येक निर्णय प्रदेश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

बस्तर से सरगुजा तक के अनुभव किए साझा

प्रशिक्षु अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें बस्तर संभाग के सुकमा और बीजापुर सहित सरगुजा संभाग के जशपुर, सरगुजा और कोरिया जिलों का भ्रमण करने का अवसर मिला। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनजीवन, संस्कृति, विकास गतिविधियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का अध्ययन किया तथा मां दंतेश्वरी के दर्शन भी किए। अधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ विविधताओं, सांस्कृतिक समृद्धि और आत्मीयता से भरपूर प्रदेश है। यहां के लोगों का स्नेह, जनजातीय परंपराएं और समाज में सकारात्मक बदलाव की संभावनाएं उन्हें गहराई से प्रभावित कर गईं।

जमीनी स्तर से जुड़े रहने की दी सीख

मुलाकात के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने प्रशासनिक सेवा की तैयारी, चुनौतियों और अपने अनुभव भी साझा किए। मुख्यमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के अनुभवों का उल्लेख करते हुए उन्हें निरंतर सीखते रहने, जमीनी स्तर से जुड़े रहने तथा मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।

उल्लेखनीय है कि प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी गोकुल आर. के.,  वी. यशवंत नायक और ईशांत जायसवाल वर्तमान में छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी, निमोरा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। तीनों अधिकारियों को छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित हुआ है। जिला प्रशिक्षण पर रवाना होने से पहले उन्होंने मुख्यमंत्री से भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी के महानिदेशक एवं अपर मुख्य सचिव  सुब्रत साहू, संचालक  टी.सी. महावर तथा संयुक्त संचालक प्रणव सिंह भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button