बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की समीक्षा, कलेक्टर ने गुड टच-बैड टच जागरूकता और एचपीवी वैक्सीन के दिए निर्देश

जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी, स्कूल छोड़ चुकी बालिकाओं को मुख्यधारा से जोड़ने पर भी जोर।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चाम्पा
कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए अप्रैल 2026 से मार्च 2027 तक की कार्ययोजना को स्वीकृति दी गई। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा उन्हें शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने जिले में लिंगानुपात में सुधार, पीसीपीएनडीटी एक्ट का प्रभावी पालन और सभी बालिकाओं का शत-प्रतिशत विद्यालय प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गुड टच-बैड टच जागरूकता और एचपीवी वैक्सीन पर जोर
कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग को समन्वित रूप से कार्य करते हुए सभी स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में गुड टच-बैड टच विषय पर नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन के विशेष टीकाकरण सत्र संचालित करने पर भी जोर दिया।
स्कूल छोड़ चुकी बालिकाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के निर्देश
उन्होंने शिक्षा विभाग को विशेष अभियान चलाकर स्कूल छोड़ चुकी और शिक्षा से वंचित बालिकाओं को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों से कार्ययोजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र बालिका तक पहुंच सके।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती अनिता अग्रवाल ने गत वित्तीय वर्ष की गतिविधियों एवं आगामी वर्ष की कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत की। आगामी वर्ष में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक, वॉल पेंटिंग, रैली और अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, आर.के. तम्बोली, श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




