क्राइमजाँजगीर -चाँपा

शराब के लिए पैसे नहीं देने पर दोस्त पर टूटा कहर, मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार

पामगढ़ क्षेत्र में शराब पीने के दौरान पैसे मांगने को लेकर हुआ विवाद, घायल युवक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल।

🔴 Aaj Ki Baat News | पामगढ़

जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक ने अपने ही दोस्त के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। मामले में पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम झिलमिली निवासी जोहित कुमार दिनकर 10 जून 2026 को अपने गांव के ही सूरज रात्रे के साथ बाइक से पामगढ़ शराब खरीदने गया था। शराब खरीदने के बाद दोनों मदनपुर के सागौन जंगल में बैठकर शराब पी रहे थे।

शराब के पैसे मांगने पर शुरू हुआ विवाद शराब पीने के दौरान सूरज रात्रे ने अपने साथी जोहित से और शराब खरीदने के लिए पैसे मांगे। जब जोहित ने पैसे नहीं होने की बात कही तो आरोपी भड़क गया। आरोप है कि उसने जोहित की जेब से 100 रुपये का नोट निकालकर फाड़ दिया और गाली-गलौज करने लगा।

विरोध करने पर की मारपीट

गाली देने का विरोध करने पर आरोपी ने जोहित को जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपी ने मुक्कों से हमला किया और धक्का देकर जमीन पर पटक दिया, जिससे जोहित के सिर, माथे और चेहरे पर चोटें आईं। मारपीट के बाद आरोपी घायल जोहित को बाइक पर बैठाकर ग्राम भैंसो में छोड़कर फरार हो गया।

शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 248/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 15 जून को आरोपी सूरज रात्रे (24 वर्ष), निवासी झिलमिली थाना मुलमुला को गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उप निरीक्षक कृष्ण कुमार कोसले, प्रधान आरक्षक विजय निराला एवं थाना पामगढ़ के अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button