सक्तीसुशासन तिहार

सक्ति: सुशासन तिहार के आवेदनों की समीक्षा, कलेक्टर ने दिए त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश

शिविरों में प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध समाधान पर जोर, सीएम हेल्पलाइन और ई-ऑफिस व्यवस्था की भी हुई समीक्षा

सक्ती। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में विशेष रूप से सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण, त्वरित और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

सीएम हेल्पलाइन संचालन की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के आगामी संचालन को लेकर भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने तथा शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।

ई-ऑफिस और पेयजल व्यवस्था पर जोर

कलेक्टर ने ई-ऑफिस प्रणाली की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को शासकीय फाइलों का संचालन डिजिटल माध्यम से करने के निर्देश दिए। वहीं शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जल संबंधी समस्याओं का तत्काल निराकरण करने को कहा।

खाद भंडारण और वितरण की भी समीक्षा

कृषि विभाग से खाद भंडारण और वितरण की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने अवैध रूप से खाद का विक्रय और भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि सहकारी समितियों में किसानों की आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त खाद उपलब्ध है।

राजस्व और विभागीय मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

बैठक में लोक सेवा गारंटी, लंबित पेंशन प्रकरण, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार और आधार प्रविष्टि सहित राजस्व मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

इसके अलावा पंचायत, लोक निर्माण, शिक्षा, विद्युत, खाद्य, सहकारिता, नगरीय प्रशासन, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास तथा पशु चिकित्सा विभागों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने समय-सीमा के लंबित प्रकरणों तथा जनदर्शन एवं जनचौपाल में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया।

Related Articles

Back to top button