खरीफ तैयारियों से लेकर शिक्षा और वृक्षारोपण तक की समीक्षा, किसानों को नहीं होनी चाहिए कोई परेशानी : कलेक्टर

समय-सीमा बैठक में खरीफ सीजन, शाला प्रवेश उत्सव, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, जल संरक्षण और सुशासन तिहार के आवेदनों की समीक्षा; अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों, वृक्षारोपण अभियान, शिक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, जल संरक्षण तथा सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर ने कृषि विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को खाद, बीज और सिंचाई संबंधी किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने उर्वरक एवं बीज भंडारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपलब्ध स्टॉक और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने को कहा। साथ ही नैनो यूरिया एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की तैयारियां पूरी करने कहा
आगामी मानसून को देखते हुए कलेक्टर ने जिले में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों, कॉलेजों, शासकीय कार्यालयों और सार्वजनिक परिसरों में अधिक से अधिक पौधरोपण सुनिश्चित करने कहा। वन, उद्यानिकी और रेशम विभाग को पौधों की उपलब्धता एवं संरक्षण की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
शाला प्रवेश उत्सव और पूरक परीक्षा पर विशेष फोकस
बैठक में शिक्षा विभाग की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पूरक परीक्षा, शाला प्रवेश उत्सव, पाठ्यपुस्तक वितरण और गणवेश वितरण की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में विद्यार्थियों को सभी आवश्यक सामग्री उपलब्ध होनी चाहिए।
प्लास्टिक मुक्त ग्राम पंचायत और जल संरक्षण को प्राथमिकता
कलेक्टर ने प्रत्येक जनपद पंचायत में कम से कम एक ग्राम पंचायत को प्लास्टिक मुक्त ग्राम पंचायत के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित करने कहा। वर्षा जल संग्रहण और संरक्षण के लिए जनभागीदारी आधारित अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
अतिक्रमण हटाने और शिकायतों के निराकरण के निर्देश
बैठक में अतिक्रमण मुक्त अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त जन शिकायतों एवं आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
निर्माण कार्यों की ऑनलाइन निगरानी के निर्देश
कलेक्टर ने जिले में संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्माण कार्यों की अद्यतन जानकारी विभागीय वेबसाइट एवं जांजगीर-चांपा निर्माण पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए, ताकि पारदर्शिता और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर.के. तंबोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




