Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपाधर्म भक्तिरायपुर

तेंदुवा धाम में 9 दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ, CM विष्णुदेव साय ने लिया संतों का आशीर्वाद

शिवरीनारायण में भव्य आयोजन; प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना, छत्तीसगढ़ को बताया आस्था और सेवा की भूमि

जांजगीर-चांपा, 27 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय आज शिवरीनारायण स्थित तेंदुवा धाम कुरियारी में आयोजित 9 दिवसीय श्रीराम कथा में शामिल हुए। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा जगतगुरु रामभद्राचार्य जी से आशीर्वाद प्राप्त किया।

आस्था और परंपरा का केंद्र बना तेंदुवा धाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पावन धरती भगवान श्रीराम के चरणों से धन्य रही है। वनवास काल और माता शबरी की भक्ति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह भूमि आस्था, समर्पण और विश्वास की अनूठी परंपरा को संजोए हुए है। तेंदुवा धाम आज धार्मिक और सांस्कृतिक जागरण का प्रमुख केंद्र बन रहा है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्रीराम कथा का श्रवण कर रहे हैं।

संतों के सान्निध्य में विशेष आयोजन

इस अवसर पर अनेक संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। आश्रम परिसर में औषधालय, वैदिक पाठशाला, राम-जानकी मंडपम, गौ मंदिर और अन्य संरचनाओं के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की।

‘धान का कटोरा’ ही नहीं, आस्था की भूमि भी

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ “धान का कटोरा” होने के साथ-साथ सेवा, समर्पण और आस्था की भूमि भी है। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के दौरान प्रदेशवासियों की सहभागिता को श्रद्धा का प्रतीक बताया।

विकास और सामाजिक समरसता पर जोर

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में शांति, विकास और सामाजिक समरसता को प्राथमिकता दी जा रही है। “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” यहां की संस्कृति की पहचान है।

समाजसेवा की विविध पहल

आयोजन समिति के अनुसार आश्रम में औषधालय, वैदिक विद्यालय, गौ सेवा, गीता वाटिका और निर्धन कन्या विवाह जैसी कई सामाजिक-धार्मिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। कार्यक्रम के तहत विभिन्न वर्गों के लिए विशेष दिवस भी आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद सहित कई जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button