जाँजगीर -चाँपा

सुशासन तिहार 2026: नगर पालिका चांपा एवं ग्राम पंचायत तिलई में हुआ जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन

छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी हुए शामिल

नगर पालिका चांपा में 133 आवेदन एवं ग्राम पंचायत तिलई में 1106 आवेदन हुए प्राप्त, समस्याओं का हो रहा मौके पर समाधान

विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित पात्र हितग्राहियों को सामग्रियों, चेक का किया गया वितरण

7 मई को ग्राम पंचायत भिलाई में होगा जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन

जांजगीर-चांपा, 06 मई 2026। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के निर्देशानुसार आयोजित सुशासन तिहार 2026 के तहत जिले में जनसमस्या निवारण शिविरों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में नगर पालिका चांपा और ग्राम पंचायत तिलई में शिविर आयोजित कर आम नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। इन शिविरों का उद्देश्य शासन की योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना और शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है।

नगर पालिका चांपा के रूद्रेश्वरशरण सिंह सामुदायिक भवन एवं ग्राम पंचायत तिलई के शासकीय हाई स्कूल परिसर में आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी नागरिकों ने भाग लिया। चांपा क्षेत्र के 12 वार्डों और तिलई क्लस्टर के 19 ग्राम पंचायतों को इस शिविर से जोड़ा गया, जिससे व्यापक स्तर पर लोगों को लाभ मिला।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का सीधा लाभ दिया गया। पीएम आवास योजना के तहत आवास की चाबियां, मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड, केसीसी ऋण, श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन प्रमाण पत्र, ई-रिक्शा सहित अनेक सामग्रियों एवं चेक का वितरण किया गया। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिससे सामाजिक सरोकारों को भी मजबूती मिली।

आवेदन प्रक्रिया में भी लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। नगर पालिका चांपा में 133 आवेदन प्राप्त हुए, वहीं ग्राम पंचायत तिलई में 1106 आवेदन दर्ज किए गए, जिनमें अधिकांश मांग से संबंधित थे। प्रशासन द्वारा कई मामलों का तत्काल निराकरण किया गया, जबकि शेष मामलों को प्राथमिकता के साथ प्रक्रिया में लिया गया है।

छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष  सौरभ सिंह ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि “जनसमस्या निवारण शिविर का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का प्रभावी और त्वरित समाधान करना है। सभी अधिकारी आपके द्वार पर मौजूद हैं, इसलिए अपनी शिकायतें दर्ज कराएं और योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।” उन्होंने यह भी कहा कि “मुख्यमंत्री स्वयं चौपाल लगाकर लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं, जिससे शासन की संवेदनशीलता स्पष्ट होती है।”

1002295514406622782379260261

जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि “मुख्यमंत्री की पहल पर आयोजित ये शिविर आमजन के लिए बड़ी राहत लेकर आए हैं, जहां एक ही स्थान पर सभी विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।” उन्होंने गांवों के विकास और महिलाओं के सशक्तिकरण पर शासन की प्रतिबद्धता को दोहराया।

कलेक्टर  जन्मेजय महोबे ने स्पष्ट किया कि “सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का पारदर्शी, सरल और त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाए।” उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप हर नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

10022955134855608449357455287
10022955128912501785475871049

इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए। शिविर में जनप्रतिनिधियों, पंचायत सदस्यों और अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति रही, जिससे आयोजन को सफल बनाया जा सका।

सुशासन तिहार के अंतर्गत  7 मई को जनपद पंचायत बलौदा के ग्राम पंचायत भिलाई में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 23 ग्राम पंचायतों के नागरिकों को लाभान्वित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button