संभाग और जिला मुख्यालयों में लगेगी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा, 10.60 करोड़ रुपये स्वीकृत

छत्तीसगढ़ सरकार ने नगरीय निकायों में प्रतिमा स्थापना का लिया निर्णय। भाजपा नेता प्रशांत सिंह ठाकुर ने फैसले का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार जताया।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चाम्पा
छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के संभागीय एवं जिला मुख्यालय वाले नगरीय निकायों में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस कार्य के लिए 10.60 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। यह निर्णय 6 जुलाई को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर किए जाने वाले कार्यक्रमों के मद्देनजर लिया गया है।
सरकार के निर्णय का स्वागत
भाजपा नेता प्रशांत सिंह ठाकुर ने राज्य सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, विचारों और देश की एकता एवं अखंडता के लिए दिए गए उनके योगदान से परिचित कराना आवश्यक है। प्रशांत सिंह ठाकुर ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर में लागू परमिट व्यवस्था का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि “एक देश में दो निशान, दो विधान, दो प्रधान नहीं चलेगा” का उद्घोष करने वाले डॉ. मुखर्जी का योगदान देश हमेशा याद रखेगा।
मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
भाजपा नेता ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके अनुसार, प्रतिमा स्थापना से डॉ. मुखर्जी के विचारों और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।





