शराब के लिए पैसे न देने पर दुकानदार से मारपीट, सारागांव पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

जांजगीर चाम्पा | 01 मार्च 2026। जिले के सारागांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सरवानी में शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने और मना करने पर मारपीट करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी घनश्याम प्रसाद निवासी सरवानी रविवार सुबह अपने घर और दुकान के बाहर खड़ा था। इसी दौरान मोहल्ले का आरोपी अनिल सूर्यवंशी (26 वर्ष) वहां पहुँचा और ‘होली आ रही है’ कहकर शराब पीने के लिए तत्काल 1000 रुपये की मांग करने लगा। जब प्रार्थी ने पैसा देने से मना किया, तो आरोपी आक्रोशित हो गया और गंदी-गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।
आरोपी ने विवाद बढ़ाते हुए प्रार्थी पर डंडे से हमला कर दिया और अपने पास रखे लोहे के औजार से भी चोट पहुँचाई। घटना के बाद प्रार्थी ने तत्काल थाना सारागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अनिल सूर्यवंशी को हिरासत में लिया। वैज्ञानिक तरीके से की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध अपराध के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
इन धाराओं के तहत हुई कार्यवाही
सारागांव पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध BNS की धारा 296, 351(3), 115(2) और 119(1) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। वैधानिक औपचारिकताओं के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्यवाही में निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी, एएसआई हीरालाल इक्का, आरक्षक गोवर्धन टाइगर एवं थाना स्टाफ की मुख्य भूमिका रही।




