Chhattisgarh

बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे ग्रामीण से ढाई लाख की लूट, बाइक सवार आरोपी फरार

जांजगीर चाम्पा। राहौद बस्ती के वार्ड क्रमांक 14 में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पामगढ़ स्थित एसबीआई (SBI) बैंक से ढाई लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे ग्रामीण को अज्ञात बाइक सवार युवकों ने अपना निशाना बनाया और नकदी से भरा थैला छीनकर फरार हो गए। प्रार्थी गोपेश्वर कुमार पटेल (50 वर्ष) निवासी राहौद ने पुलिस को बताया कि उन्होंने शुक्रवार दोपहर लगभग 1:00 से 2:00 बजे के बीच पामगढ़ स्थित भारतीय स्टेट बैंक से ₹2,50,000/- (ढाई लाख रुपये) नगद आहरित किए थे। यह राशि उन्होंने अपने परिचित श्याम चंदेल से घरेलू कार्य हेतु उधार ली थी, जिसका चेक उन्हें प्राप्त हुआ था।


बैंक से राशि निकालने के बाद वह अपने एक परिचित मिथिलेश के साथ वापस राहौद आए। राहौद पहुंचकर उन्होंने ग्रामीण बैंक के पास खड़ी अपनी साइकिल उठाई और रुपयों से भरा थैला हैंडल पर टांगकर घर की ओर रवाना हुए। जब गोपेश्वर पटेल बस्ती के दो तालाबों के मध्य मार्ग पर पहुंचे, तभी सामने से आए दो अज्ञात युवकों ने उनकी साइकिल को रोका और छीना-झपटी शुरू कर दी। आरोपी पलक झपकते ही रुपयों से भरा थैला छीनकर मौके से फरार हो गए।
घटना की तत्काल सूचना राहौद पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और क्षेत्र में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। हालांकि, अभी तक लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस बैंक के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालने और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

img 20260214 wa00034366177001438831412

Related Articles

Back to top button