
काउंटिंग सेंटर में मारपीट और 90 लाख वोट काटने का लगाया आरोप; अखिलेश यादव समेत ‘INDIA’ गठबंधन के नेता पहुंचे ममता के साथ
कोलकाता/नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों ने राज्य की सियासत में भूचाल ला दिया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने चुनाव परिणामों को स्वीकार करने से इनकार करते हुए चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। ममता बनर्जी ने साफ कर दिया है कि वे हार नहीं मानेंगी और न ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगी।
‘चोरी करके जीतने वालों के सामने नहीं झुकूंगी’
मीडिया से बातचीत के दौरान जब ममता बनर्जी से इस्तीफे को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा, “मैं इस्तीफा क्यों दूंगी? हम हारे नहीं हैं, बल्कि हमें हराया गया है। अगर मैं ईमानदारी से जीती होती तो प्रक्रिया के तहत इस्तीफा देने जाती, लेकिन चोरी करके जीतने वालों के लिए मैं पद नहीं छोड़ूंगी।” उन्होंने चुनाव परिणामों की समीक्षा के लिए 10 सदस्यीय टीम बनाने की भी घोषणा की।
काउंटिंग के दौरान मारपीट का आरोप
मुख्यमंत्री ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि काउंटिंग रूम में उनके एजेंटों के साथ धक्का-मुक्की की गई। ममता ने कहा, “200 सीआरपीएफ जवानों और बाहरी गुंडों ने हमारे लोगों को मारा। जब मैं वहां पहुंची तो मेरी गाड़ी रोकी गई और मेरे पेट व पीठ पर लात मारी गई।” उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया।
इंडिया’ गठबंधन मेरे साथ, अब मैं आजाद पंछी हूं
ममता बनर्जी ने बताया कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अखिलेश यादव और उद्धव ठाकरे समेत गठबंधन के सभी बड़े नेताओं ने उनसे बात की है। उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव कल कोलकाता आ रहे हैं। मेरे पास अब कोई कुर्सी नहीं है, मैं एक आजाद पंछी हूं और अब पूरे देश में घूमकर इंडिया गठबंधन को मजबूत करूंगी।”




