Chhattisgarhक्राइमजाँजगीर -चाँपा

इकलौते बेटे की मौत का गम नहीं सह सके माता-पिता सुसाइड नोट लिख पेड़ से झूल गया दंपत्ति

ग्राम धरदेई में पसरा मातम: 4 पन्नों के भावुक सुसाइड नोट में लिखा- “हम अपनी मर्जी से खुद को शिव में अर्पण कर रहे हैं”

जांजगीर-चांपा । जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम धरदेई में सोमवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहाँ एक दंपत्ति ने अपने इकलौते बेटे के वियोग में घर के आंगन में लगे पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक दंपत्ति ने आत्महत्या से पहले चार पन्नों का एक विस्तृत और भावुक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उन्होंने अपनी मानसिक पीड़ा और बेटे के प्रति अगाध प्रेम का वर्णन किया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक कृष्णा पटेल (48 वर्ष) और उनकी पत्नी रमाबाई पटेल (47 वर्ष) का इकलौता पुत्र आदित्य पटेल (21 वर्ष) था। साल 2024 में मस्तूरी थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में आदित्य की मौत हो गई थी। राजमिस्त्री का काम करने वाले कृष्णा और उनकी पत्नी रमाबाई अपने इकलौते सहारे की मौत के बाद से गहरे सदमे में थे। ग्रामीणों के अनुसार, घर की खुशियां बेटे के जाने के साथ ही खत्म हो गई थीं।

सुसाइड नोट में छलका दर्द “वह ईश्वर का वरदान था”
पुलिस को मौके से चार पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। इसमें कृष्णा पटेल ने लिखा कि उनका बेटा आदित्य न केवल एक आज्ञाकारी पुत्र था, बल्कि एक मित्र और मार्गदर्शक की तरह उनका ख्याल रखता था। सुसाइड नोट के शब्द झकझोर देने वाले हैं:
“आदित्य ही हमारा संसार था। उसे मंदिर निर्माण के नक्शे के काम के लिए हमने ही मनाकर भेजा था, क्या पता था कि यह हमारी सबसे बड़ी भूल होगी। उसके जाने के बाद हम जीते जी मर गए थे। अब हम अपनी मर्जी से खुद को शिव में अर्पण कर रहे हैं।”

परिजनों से अंतिम अपील
दंपत्ति ने अपने परिजनों और भाइयों के नाम लिखे संदेश में अपील की है कि उनकी अंतिम विदाई पर कोई शोक न मनाया जाए, बल्कि उन्हें प्रसन्नता के साथ विदा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस आत्मघाती कदम के लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं है और वे होशोहवास में यह निर्णय ले रहे हैं।

img 20260216 wa00067984655008051627774
img 20260216 wa00071784203010918362403
img 20260216 wa00081025745375582475980
img 20260216 wa00058648235272860862833

​पुलिस की कार्रवाई
​सोमवार सुबह जब ग्रामीणों ने शवों को पेड़ से लटका देखा, तो तत्काल शिवरीनारायण पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को नीचे उतारकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की मर्ग कायम कर आगे की जांच कर रही है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Related Articles

Back to top button