जाँजगीर -चाँपाधर्म भक्ति

शिरीष पाठ दाई धाम में उमड़ी आस्था, सप्तमी-अष्टमी पर लगेगा भव्य मेला, नवरात्र में दूर-दूर से पहुंच रहे श्रद्धालु, ज्योत-ज्वारा से जगमगाया मंदिर परिसर

जांजगीर-चांपा/पामगढ़। ग्राम डोंगाकोहरौद के बीच खार में स्थित शिरीष पाठ दाई धाम में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर श्रद्धा का विशेष माहौल देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, वहीं सप्तमी और अष्टमी को यहां भव्य मेले का आयोजन होगा।

दंतकथाओं से जुड़ी है मान्यता
मंदिर की महिमा स्थानीय जनश्रुतियों से जुड़ी हुई है। मान्यता के अनुसार प्राचीन काल में एक घटना के बाद गांव में आई प्राकृतिक आपदा को शांत करने के लिए यज्ञ किया गया और शिरीष वृक्षों को देव स्वरूप मानकर पूजा प्रारंभ हुई। तब से यह स्थल श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बन गया है।

मंदिर परिसर का हुआ विस्तार
ग्रामवासियों और नवजागरण शिरीष कल्याण सेवा समिति के सहयोग से मंदिर परिसर का विकास किया गया है। यहां मुख्य मंदिर के साथ ज्योति कक्ष, शनि मंदिर, दुर्गा प्रतिमा और शिव मंदिर का निर्माण किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।

ज्योत जलाकर मांगी जा रही मन्नतें
नवरात्रि के दौरान यहां ज्योत जलाने की विशेष परंपरा है। पहले जहां काली फीता और चूड़ी बांधकर मन्नत मांगी जाती थी, वहीं अब ज्योत जलाकर मनोकामना पूरी होने की कामना की जाती है। आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं।

सैकड़ों ज्योत से रोशन धाम
इस नवरात्रि में मंदिर परिसर में 11 ज्वारा ज्योत, 324 तेल ज्योत और 24 घृत ज्योत सहित सैकड़ों मनोकामना ज्योत प्रज्वलित की गई हैं, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर है।

Related Articles

Back to top button