क्राइमजाँजगीर -चाँपाबिलासपुर

नवरात्रि गश्त के दौरान चांपा पुलिस को मिली सफलता: हथियारों से लैस 4 शातिर बदमाश ब्रेजा कार सहित दबोचे गए, जेल दाखिल

बरपाली चौक के पास लोगों को डरा रहे थे संदिग्ध; कार से दो धारदार चाकू, लोहे की रॉड और पेचकस बरामद, पूर्व में भी दर्ज हैं अपराध

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में नवरात्रि पर्व को लेकर जारी विशेष सुरक्षा अभियान और रात्रि गश्त के दौरान चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बरपाली चौक के पास हथियारों के साथ संदिग्ध अवस्था में घूम रहे और राहगीरों को भयभीत कर रहे चार आरोपियों को पुलिस ने ब्रेजा कार सहित धर दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो बड़े धारदार चाकू, लोहे की रॉड और पेचकस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से मिली थी सूचना

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देश पर नवरात्रि पर्व के मद्देनजर शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलेभर में सघन रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी दौरान चांपा पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि बरपाली चौक के पास एक ब्रेजा कार में सवार कुछ संदिग्ध युवक हथियार दिखाकर आने-जाने वाले लोगों को डरा रहे हैं और किसी गंभीर वारदात की तैयारी में हैं।

घेराबंदी कर पकड़ी ब्रेजा कार, बरामद हुए हथियार

सूचना मिलते ही चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश शेण्डे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बरपाली चौक के पास घेराबंदी की। मौके से ब्रेजा कार क्रमांक CG 04 NH 7770 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से दो बड़े धारदार चाकू, छिपाकर रखी गई लोहे की रॉड, बड़ा पेचकस, जूट का बोरा और तार बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी क्षेत्र में चोरी या नकबजनी जैसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

बिलासपुर के रहने वाले हैं चारों आरोपी, दर्ज हैं पूर्व अपराध

पकड़े गए चारों आरोपी बिलासपुर जिले के निवासी हैं, जिनमें फरहदा थाना सीपत निवासी लिहास अली (24 वर्ष) तथा चिल्हाटी थाना सरकंडा निवासी मुकेश यादव (30 वर्ष), शबान (26 वर्ष) और साबीर खान (24 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि इन सभी आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न थानों में पूर्व से चोरी, नकबजनी सहित कई अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

थाना चांपा में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 553/26, भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश शेण्डे, प्रशिक्षु उनि वैभव साहु, सउनि बलवंत धृतलहरे, सउनि बी.पी. खाण्डेकर, प्रआर अमृत सलुजा, सुनील सिंह, संतोश यादव और आरक्षक गौरीशंकर राय, नीतीश विश्वकर्मा, श्याम राठौर, संजय केवंट व सुशांत राठौर की मुख्य भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button