छत्तीसगढ़ में पीडीएस व्यवस्था में बड़ा बदलाव, अप्रैल में तीन माह का चावल मिलेगा एक साथ

सर्वर समस्या और स्टॉक संकट के बीच नई व्यवस्था लागू
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया है। अब हितग्राहियों को अप्रैल महीने में ही अप्रैल, मई और जून तीनों माह का चावल एक साथ वितरित किया जाएगा। दरअसल, पिछले कुछ समय से तकनीकी खामियों और सर्वर समस्याओं के कारण राशन वितरण प्रभावित हो रहा था। साथ ही गोदामों में स्टॉक की कमी से भी व्यवस्था पर असर पड़ा। फरवरी और मार्च में अस्थायी उपाय किए गए, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका।
नई रणनीति के तहत तैयारी
खाद्य विभाग ने सभी उचित मूल्य दुकानों को निर्देश दिए हैं कि वे मार्च के अंत तक पर्याप्त मात्रा में चावल का भंडारण सुनिश्चित करें, ताकि वितरण के दौरान किसी प्रकार की बाधा न आए।
बायोमेट्रिक से ही मिलेगा राशन
नई व्यवस्था में लाभार्थियों को पहले की तरह ई-पास मशीन में बायोमेट्रिक सत्यापन कराना होगा। इसके बाद उन्हें एक साथ तीन महीने का चावल दिया जाएगा। इस संबंध में दुकानों पर सूचना प्रदर्शित करने और व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं।
“चावल उत्सव” के जरिए निगरानी
सरकार ने वितरण को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए अप्रैल में “चावल उत्सव” आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




