Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

जांजगीर-चांपा: हैंडलूम इकोसिस्टम को सशक्त बनाने स्टेकहोल्डर्स मीट, आईआईएचटी और कोसा उद्योग के विकास पर मंथन

भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान में आयोजित बैठक में आधुनिक तकनीक, डिजाइन नवाचार, विपणन और कौशल विकास को बढ़ावा देने की रणनीति पर चर्चा।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा स्थित भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईएचटी) में मंगलवार को कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में स्टेकहोल्डर्स मीट आयोजित की गई। बैठक में कोसा उद्यमियों, बुनकरों, विशेषज्ञों, उद्योग प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने संस्थान के समग्र विकास, हैंडलूम इकोसिस्टम को सशक्त बनाने तथा कोसा उद्योग को आधुनिक तकनीक और बाजार से जोड़ने की रणनीति पर विस्तृत मंथन किया।

कोसा उद्योग को नई दिशा देने पर जोर

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि जांजगीर-चांपा को पारंपरिक कोसा एवं हाथकरघा उद्योग की पहचान के साथ आधुनिक तकनीक, नवाचार और कौशल विकास का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि संस्थान को केवल प्रशिक्षण केंद्र तक सीमित न रखकर उद्योग, अनुसंधान और नवाचार से जोड़ते हुए स्थानीय युवाओं, बुनकरों और उद्यमियों के लिए नए अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

आधुनिक तकनीक और उत्पादन इकाई पर चर्चा

बैठक में संस्थान में आधुनिक मशीनों की स्थापना, अनुसंधान एवं विकास, नए डिजाइन विकसित करने, उद्योगों के साथ साझेदारी, विपणन व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा भविष्य में संस्थान परिसर में उत्पादन इकाई विकसित करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

हैंडलूम फेस्टिवल आयोजित करने का सुझाव

कोसा उद्यमियों और बुनकरों ने स्थानीय उद्योग की आवश्यकताओं, बाजार की मांग, उत्पादों की गुणवत्ता, डिजाइन नवाचार और विपणन से जुड़े सुझाव साझा किए। विशेषज्ञों ने कहा कि पारंपरिक बुनकरी को आधुनिक तकनीक और समकालीन डिजाइन से जोड़कर स्थानीय उत्पादों की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाई जा सकती है।

बैठक में चांपा में प्रतिवर्ष हैंडलूम फेस्टिवल आयोजित करने, स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने तथा संस्थान को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर हाथकरघा क्षेत्र के उत्कृष्ट प्रशिक्षण एवं नवाचार केंद्र के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।

बैठक में चंद्रशेखर देवांगन, धनंजय देवांगन, नंद कुमार देवांगन, मनमोहन देवांगन, जगन्नाथ देवांगन, महेश गुलाटी, तरुण वेदी सहित रेशम, हाथकरघा, उद्योग एवं बैंक विभाग के अधिकारी, कोसा उद्यमी, बुनकर तथा संस्थान के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button