नैला के प्रतिष्ठित समाजसेवी स्व. सेठ रामनिवास अग्रवाल का गया जी में पिंडदान, बसईवाल परिवार ने किया श्राद्ध-तर्पण

नवमी के पावन अवसर पर बिहार के पवित्र गया धाम पहुंचे परिजन; वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्वजों की आत्मशांति और मोक्ष की कामना
🔴 akb News | जांजगीर-नैला। नैला नगर के सुप्रतिष्ठित समाजसेवी स्व. सेठ रामनिवास जी अग्रवाल (बसईवाल) का नवमी के पावन पर्व पर बिहार स्थित विश्वप्रसिद्ध तीर्थक्षेत्र गया जी में पूरे विधि-विधान के साथ पिंडदान एवं श्राद्ध कर्म संपन्न कराया गया। इस अवसर पर बसईवाल परिवार के सभी सदस्य पवित्र धाम पहुंचे और पितरों के निमित्त तर्पण, पिंडदान तथा विशेष पूजन किया।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ पिंडदान और तर्पण
गया जी की मोक्षदायिनी भूमि पर तीर्थ पुरोहितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अनुष्ठान पूर्ण कराया गया। परिवार के सदस्यों ने पूरी श्रद्धा, आस्था और भक्ति भाव के साथ स्व. सेठ रामनिवास जी अग्रवाल एवं अपने पूर्वजों का स्मरण किया। सनातन परंपरा के अनुसार पिंडदान कर पितरों की आत्मा की शांति और उनकी मुक्ति के लिए ईश्वर से करबद्ध प्रार्थना की गई।
धर्म, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों की प्रेरक मिसाल
उपस्थित परिजनों एवं श्रद्धालुओं ने बसईवाल परिवार द्वारा निष्ठापूर्वक संपन्न कराए गए इस धार्मिक अनुष्ठान की सराहना की। स्व. सेठ रामनिवास अग्रवाल आजीवन धार्मिक आयोजनों, समाजसेवा और जनकल्याणकारी कार्यों में अग्रणी रहे हैं। उनके पदचिह्नों पर चलते हुए परिवार द्वारा गया धाम में किया गया यह श्राद्ध कर्म पारिवारिक एकता, पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता और सनातन संस्कारों का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।




