जांजगीर: नवागढ़ और भड़ेसर में उमड़ा जनसैलाब, ‘सुशासन तिहार’ में मौके पर ही दूर हुईं नागरिकों की समस्याएं

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्टॉलों का किया निरीक्षण; पीएम आवास की चाबियां, राशन कार्ड और केसीसी ऋण पत्र बांटे

जांजगीर चाम्पा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर जिले में आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ आम जनता के लिए वरदान साबित हो रहा है। मंगलवार को नवागढ़ के प्रगति क्लब और ग्राम भड़ेसर के स्कूल परिसर में भव्य जनसमस्या निवारण शिविर लगाए गए। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शिविर का जायजा लेते हुए स्पष्ट कहा कि नागरिकों की हर मांग और शिकायत का समाधान सरल, सुगम और समय सीमा के भीतर होना चाहिए।
700 से अधिक आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई
भड़ेसर शिविर में कुल 716 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 690 मांग और 26 शिकायतों से संबंधित थे। शिविर के दौरान कलेक्टर और अन्य अतिथियों ने हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास की चाबियां सौंपी। साथ ही मनरेगा जॉब कार्ड, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड और किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) का वितरण किया गया। स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ऋण स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।

खाद और ई-केवाईसी पर विशेष जोर
राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण के साथ ही कलेक्टर ने किसानों को डीएपी के विकल्प के रूप में नैनो यूरिया अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों का ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने और एग्रीस्टैक जैसी तकनीकी योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया। शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई और अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराए गए।
कल जांजगीर-नैला और परसाही में लगेगा शिविर
प्रशासन ने सूचित किया है कि सुशासन तिहार के अगले चरण में 13 मई को नगर पालिका जांजगीर-नैला (कचहरी चौक) और जनपद पंचायत अकलतरा के ग्राम परसाही में शिविर आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ उठाएं।




