जाँजगीर -चाँपा

दिशा समिति की बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति पर सांसद कमलेश जांगड़े ने की समीक्षा

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने पर जोर, सड़क, आवास, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि योजनाओं की समीक्षा।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चाम्पा

लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में, गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर पहुंचे।

विकास योजनाओं की प्रगति पर हुई विस्तृत समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सिंचाई, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों से अद्यतन जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों में तेजी लाने और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

किसानों के लिए खाद-बीज और फसल बीमा पर विशेष जोर

सांसद ने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत के निर्देश

बैठक में सड़क निर्माण एवं रखरखाव की समीक्षा करते हुए सांसद ने वर्षा ऋतु को देखते हुए जिले की क्षतिग्रस्त एवं गड्ढायुक्त सड़कों की जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।

आवास, स्वास्थ्य और शिक्षा योजनाओं पर भी दिया जोर

सांसद ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ देने, आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रभावी संचालन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, सुरक्षित भवन, गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन और व्यापक वृक्षारोपण सुनिश्चित करने को कहा।

जनप्रतिनिधियों ने रखीं क्षेत्रीय समस्याएं

बैठक में विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं को उठाया। सांसद ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, वनमंडलाधिकारी हिमांशु डोंगरे, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button