धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डराने वाला बदमाश गिरफ्तार: सिटी कोतवाली पुलिस ने भेजा जेल, एक तलवारनुमा हथियार जब्त

मुखबिर की सूचना पर रमन नगर नहर पार से दबोचा गया आरोपी; आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
जांजगीर चाम्पा । नगर में धारदार हथियार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डराने और इलाके में दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार तलवारनुमा हथियार बरामद किया गया है।
पेट्रोलिंग के दौरान मिली थी सूचना
सिटी कोतवाली पुलिस टीम थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पेट्रोलिंग पर रवाना हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई कि रमन नगर नहर पार मुख्य मार्ग पर एक व्यक्ति हाथ में धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यार्क एवं नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) योगिताबाली खापर्डे को अवगत कराया गया।
घेराबंदी कर पकड़ा, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम कृष्णा यादव उर्फ नानू यादव (उम्र 46 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर-18 रमन नगर, जांजगीर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक नग अवैध तलवारनुमा हथियार बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद्र राठौर, तोरन डहरिया एवं हजारी लाल मेरसा की सराहनीय भूमिका रही।




