छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

अभूतपूर्व जनसैलाब के साथ ‘प्रगतिशील छत्तीसगढ़–2026’ प्रदर्शनी का सफल समापन

तीन दिनों में लगभग 17 हजार छात्रों, युवाओं व नागरिकों ने किया अवलोकन

जांजगीर चाम्पा। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित प्रगतिशील छत्तीसगढ़–2026 प्रदर्शनी का भव्य समापन रविवार को संपन्न हुआ। प्रदर्शनी का आयोजन जांजगीर–चांपा की सांसद कमलेश जांगड़े के नेतृत्व में दिल्ली स्थित फ्रेंड्स एग्ज़ीबिशन एंड प्रमोशन द्वारा, लेडीज़ सर्कल इंडिया के सहयोग से किया गया था।

समापन अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजीनियर रवि पांडे, जनपद सदस्य चुड़ामणि राठौर, सांसद प्रतिनिधि रमाकांत साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी को जांजगीर–चांपा के नागरिकों से उत्साहजनक प्रतिसाद मिला। पहले दिन लगभग 5 हजार, दूसरे दिन 8 हजार तथा अंतिम दिन 4 हजार से अधिक विद्यार्थियों, युवाओं, किसानों और आम नागरिकों ने प्रदर्शनी का भ्रमण किया ।प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य सरकारी विभागों की योजनाओं, नई तकनीकों, औद्योगिक विकास और नवाचारों की जानकारी प्राप्त हुई। प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए नारायण चंदेल ने कहा कि सांसद कमलेश जांगड़े ने इस आयोजन के माध्यम से जांजगीर–चांपा के नागरिकों को केंद्र सरकार की योजनाओं से सीधे जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। उन्होंने प्रदर्शनी को जनहितकारी बताते हुए इसकी प्रशंसा की।

उत्कृष्ट स्टॉलों को मिला सम्मान

समापन समारोह के दौरान चयनित सरकारी एवं सार्वजनिक उपक्रमों को बेस्ट स्टॉल अवार्ड प्रदान किए गए। इनमें डिफेंस टेक्नोलॉजी, स्पेस, मेडिकल रिसर्च, स्टील, माइनिंग, पर्यटन, पारंपरिक चिकित्सा, पोल्ट्री और औद्योगिक परामर्श जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रस्तुति देने वाले संस्थान शामिल रहे।

विशेष रूप से Indian Space Research Organisation, Indian Council of Medical Research, Bhilai Steel Plant और Chhattisgarh Tourism Board के स्टॉलों को दर्शकों से विशेष सराहना मिली।

यश आईटीआई, चांपा के छात्रों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

प्रदर्शनी में स्थानीय शैक्षणिक संस्थानों के छात्रों द्वारा प्रस्तुत प्रोजेक्ट्स भी आकर्षण का केंद्र रहे। लछनपुर, चांपा स्थित यश आईटीआई के विद्यार्थियों ने स्टूडेंट प्रोजेक्ट कैटेगरी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय—तीनों पुरस्कार अपने नाम कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। विजेता छात्रों को सम्मान-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन दीपक यादव ने किया। फ्रेंड्स एग्ज़ीबिशन की प्रोजेक्ट हेड अखिला श्रीनिवासन ने प्रस्तावना रखी, जबकि दत्ता थोरे ने आभार प्रदर्शन किया।

Related Articles

Back to top button