बिर्रा: स्कूटी से गांजा तस्करी कर रहे दो शातिर तस्कर गिरफ्तार, ₹57 हजार का माल जब्त

निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर दबोचा गया मुख्य आरोपी, पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा तो पकड़ाया दूसरा सप्लायर।
🔴 Aaj ki baat news । जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में आज पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के कड़े निर्देशों के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर स्कूटी से अवैध गांजे की तस्करी कर रहे दो शातिर तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 3.780 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी बाजार में कीमत ₹57,800 बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी जब्त कर लिया है।
मुखबिर की सूचना पर पेट्रोल पंप के पास बिछाया जाल
पुलिस को आज पुख्ता मुखबिर से सूचना मिली थी कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ इलाके का एक शातिर तस्कर स्कूटी पर भारी मात्रा में गांजा लेकर बिर्रा क्षेत्र में खपाने आ रहा है। सूचना मिलते ही बिर्रा थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम तैयार की गई। पुलिस टीम ने तत्काल ग्राम सिलादेही के पास एक निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के पास मोर्चा संभाला और घेराबंदी कर दी। जैसे ही संदिग्ध स्कूटी सवार वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया।
एक आरोपी पकड़ाया तो खुला दूसरे का राज
तलाशी लेने पर आरोपी कैलाश कुमार आजाद (37 वर्ष, निवासी टूडरी, बिलाईगढ़) के पास से साढ़े तीन किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ। जब पुलिस ने हिरासत में लेकर उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने इस काले कारोबार के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया। कैलाश ने बताया कि वह यह गांजा पुरुषोत्तम साहू (45 वर्ष, निवासी ठकुरडिया, बिलाईगढ़) से लेकर आया था और इसे आगे बेचने की फिराक में था।
कड़ियां जोड़कर दूसरे सप्लायर को भी दबोचा
मुख्य आरोपी से मिले इनपुट के आधार पर बिर्रा पुलिस ने बिना वक्त गंवाए तुरंत दूसरी टीम रवाना की। पुलिस ने दबिश देकर गांजा सप्लाई करने वाले दूसरे आरोपी पुरुषोत्तम साहू को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। दोनों ही आरोपियों ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया है। आज दोनों तस्करों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई को सफलता तक पहुंचाने में थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव, सहायक उप निरीक्षक तीजराम जांगड़े और पूरी टीम की मुख्य भूमिका रही।




