गांधी-शास्त्री जयंती पर BPS बनारी में विविध कार्यक्रम: सत्य-अहिंसा के आदर्शों को किया नमन, परिधान व क्विज प्रतियोगिता आयोजित

शिक्षकों ने खादी-कोसा वस्त्र पहनकर दिया सादगी का संदेश; सुभाष कहरा और हन्ना देवी बने ‘बेस्ट अटायर’ के विजेता
🔴 आज की बात News | जांजगीर चाम्पा। ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल (बीपीएस) बनारी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और गरिमामय माहौल में मनाई गई। संस्था संचालक आलोक अग्रवाल, डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल एवं प्राचार्या सोनाली सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में दोनों महान विभूतियों के सिद्धांतों, सादगी और राष्ट्रीय योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
प्रतिमा पर माल्यार्पण और बापू के प्रिय भजन का सामूहिक गायन
समारोह का शुभारंभ अतिथियों और शिक्षकों द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के तैलचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर व दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद शिक्षिका हन्ना देवी ने दोनों महापुरुषों के संघर्षपूर्ण जीवन व विचारों की रूपरेखा रखी। शिक्षकों ने बापू के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिये जे, पीड़ पराई जाणे रे’ का सामूहिक गायन किया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति और सद्भाव की भावना से भर गया। संस्था की एडमिनिस्ट्रेटर व को-ऑर्डिनेटर नीलम सिंह ने प्रेरक संस्मरणों के जरिए सत्य, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों को रेखांकित किया। वहीं शिक्षिका नेहा साहू ने हिंदी और सीमा राठौर ने अंग्रेजी में अपने सारगर्भित विचार रखे।
शिक्षकों के बीच हुई ज्ञानवर्धक क्विज प्रतियोगिता
आयोजन को रोचक बनाने के लिए शिक्षकों के बीच गांधी और शास्त्री जी के जीवन-दर्शन पर आधारित क्विज प्रतियोगिता रखी गई। शिक्षकों को तीन टीमों में बांटा गया था। प्रभारी उप-प्राचार्या नीलम सिंह के निर्णायक और हन्ना देवी के संचालन में हुई इस प्रतियोगिता में माइनस मार्किंग के नियमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। सही उत्तरों पर साथी प्रतिभागियों ने उत्साह बढ़ाया। विजेता टीम को विद्यालय प्रबंधन की ओर से पुरस्कृत किया गया।

‘बेस्ट अटायर’ प्रतियोगिता में खादी परिधानों का दिखा आकर्षण
समारोह का मुख्य आकर्षण ‘बेस्ट अटायर’ (सर्वश्रेष्ठ परिधान) प्रतियोगिता रही, जिसमें शिक्षकों को खादी, सूती और कोसा के पारंपरिक वस्त्रों में शामिल होना था। भारतीय संस्कृति और सादगी को दर्शाते इस आयोजन में पुरुष वर्ग से संगीत शिक्षक सुभाष कहरा ने प्रथम स्थान पाया, जिन्हें शास्त्रीय टोपी व अंगवस्त्र भेंट किया गया। महिला वर्ग में शिक्षिका हन्ना देवी प्रथम रहीं, जिन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं व कर्मचारियों का सक्रिय सहयोग रहा।




