Chhattisgarhक्राइमजाँजगीर -चाँपा

बैंक में बंधक जमीन का फर्जी सौदा कर 49.70 लाख की ठगी: चांपा पुलिस ने जालसाज को दबोचा

इकरारनामे के बाद दूसरे को बेची भूमि, मकान के नाम पर भी ऐंठे 20 लाख; आरोपी भेजा गया जेल

🔴 आज की बात News | जांजगीर चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में जमीन और मकान के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मारुति विहार कॉलोनी निवासी आरोपी हरिशंकर गुप्ता (44 वर्ष) ने ग्राम पोड़ीकला स्थित 4.95 एकड़ (कुल 22 खसरे) भूमि को पूरी तरह भारमुक्त और विवादरहित बताकर बरपाली चौक निवासी वरुण सोमानी से 29.70 लाख रुपये में सौदा तय किया था। पूरी रकम लेने के बाद 14 जुलाई 2025 को बाकायदा विक्रय इकरारनामा भी निष्पादित कर दिया गया।

इकरारनामे के बाद दूसरे को बेची जमीन, बैंक में बंधक निकली संपत्ति

सौदा होने के बावजूद आरोपी ने प्रार्थी को धोखे में रखकर उक्त जमीन में से 2.37 एकड़ रकबा किसी अन्य व्यक्ति को रजिस्ट्री कर दिया। जब प्रार्थी ने शेष भूमि की रजिस्ट्री की मांग की, तो वह लगातार बहानेबाजी करता रहा। राजस्व रिकॉर्ड खंगालने पर खुलासा हुआ कि उक्त जमीन पहले से ही बैंक में बंधक थी। इसी तरह आरोपी ने प्रार्थी के पिता को भी चांपा स्थित एक मकान-जमीन को विवादरहित बताकर 20 लाख रुपये ऐंठ लिए थे, जो जांच में वह भी बैंक में बंधक पाई गई। इस प्रकार आरोपी ने कुल 49.70 लाख रुपये की जालसाजी की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई, आरोपी न्यायिक रिमांड पर

पीड़ित की शिकायत पर चांपा पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी कर आरोपी हरिशंकर गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और वैधानिक प्रक्रिया के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेजने का आदेश दिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button