जैजैपुर के ग्रामीण अंचलों को मिली बड़ी सौगात: वीबी-जी रामजी योजना से 6.22 करोड़ के 155 कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति

तालाब, पुलिया, आंगनबाड़ी और मुक्तिधाम निर्माण को मिली हरी झंडी; जनपद अध्यक्ष ने सीएम विष्णुदेव साय व डिप्टी सीएम विजय शर्मा को दिया धन्यवाद
🔴 आज की बात News | सक्ति। जैजैपुर जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए वीबी-जी रामजी योजना के तहत बड़ी सौगात मिली है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में कुल 155 विकास व रोजगारमूलक निर्माण कार्यों के लिए 6 करोड़ 22 लाख 52 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। इस स्वीकृति से गांवों में लंबे समय से अटके जनहित के कार्यों को नई गति मिलेगी।
जल संचयन और अधोसंरचना पर जोर
स्वीकृत राशि से जल संरक्षण और सिंचाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए चेकडैम, तालाब गहरीकरण, नए तालाब निर्माण और पचरी निर्माण जैसे बड़े कार्य कराए जाएंगे। इसके साथ ही गांवों में गंदे पानी की निकासी के लिए पक्की नाली, आवागमन सुगम बनाने हेतु पुलिया व ग्रामीण सड़कों के निर्माण को हरी झंडी दी गई है। आमापाली में माइनर नहर सफाई और कचंदा में खाद्यान्न भंडारण भवन का निर्माण भी इसमें शामिल है।
सामाजिक सुविधाएं और पौधरोपण
ग्रामीणों की बुनियादी जरूरतों को देखते हुए शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। विभिन्न पंचायतों में बालिका शौचालय, आंगनबाड़ी भवन तथा मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय निर्माण के प्रस्ताव पास किए गए हैं। इसके अतिरिक्त पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासकीय स्कूलों, छात्रावासों और ग्राम पंचायत परिसरों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण कार्य कराया जाएगा।
जनपद अध्यक्ष ने जताया आभार
क्षेत्र में करोड़ों के विकास कार्यों की मंजूरी मिलने पर जैजैपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष पुष्पा परदेशी खुंटे ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह राशि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को संबल देने और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगी।



