सेवा संकल्प अभियान: पीएम सूर्य घर योजना से जर्वे (च) के जगदीश कश्यप का बिजली बिल हुआ ‘शून्य’, मिली 1.08 लाख रुपये की सब्सिडी

छत पर 3 किलोवाट का सोलर पैनल लगाकर की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की शुरुआत; केंद्र से 78 हजार और राज्य से 30 हजार रुपये का मिला अनुदान
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। शासन के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जनकल्याणकारी योजनाओं के जमीनी असर की प्रेरक तस्वीर सामने आई है। विकासखंड बलौदा के ग्राम जर्वे (च) निवासी जगदीश कुमार कश्यप के घर की छत पर स्थापित सौर पैनल अब उनके परिवार के लिए बड़ी आर्थिक बचत का जरिया बन गया है। कभी हर माह आने वाले भारी-भरकम बिजली बिल से परेशान रहने वाले कश्यप परिवार का बिजली बिल अब ‘शून्य’ हो चुका है।
3 किलोवाट क्षमता के पैनल से पूरी हो रही जरूरत
जगदीश कुमार कश्यप ने बताया कि वे बिजली के बढ़ते खर्च से लगातार चिंतित रहते थे। इसी दौरान उन्होंने ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ की जानकारी लेकर अपनी छत पर 3 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर पैनल लगवाया। सौर ऊर्जा से घरेलू उपयोग की पूरी बिजली तैयार होने लगी, जिससे उनका नियमित बिजली खर्च पूरी तरह समाप्त हो गया और घरेलू बजट पर पड़ने वाला अतिरिक्त वित्तीय भार हट गया।
केंद्र और राज्य सरकार से मिली 1.08 लाख रुपये की सहायता
इस योजना के तहत जगदीश कश्यप को दोहरा आर्थिक संबल मिला। 3 किलोवाट सोलर सिस्टम पर उन्हें केंद्र सरकार की ओर से 78,000 रुपये और छत्तीसगढ़ राज्य सरकार की ओर से 30,000 रुपये का विशेष अनुदान प्राप्त हुआ। कुल 1,08,000 रुपये (1.08 लाख रुपये) की सीधी सब्सिडी मिलने से संयंत्र की स्थापना का प्रारंभिक खर्च बेहद कम हो गया, जिससे स्वच्छ ऊर्जा को अपनाना सुगम हो गया।
स्वच्छ ऊर्जा अपनाने ग्रामीणों को कर रहे प्रेरित
बिजली बिल शून्य होने की राहत साझा करते हुए श्री कश्यप ने कहा कि अब वे अपने गांव और आसपास के लोगों को भी इस योजना का लाभ उठाने और पर्यावरण अनुकूल नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। योजना के सुगम क्रियान्वयन और आर्थिक राहत के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार प्रकट किया है।




