ग्राम कोसा में पुलिस बीट पोस्ट व ‘पुलिस मितान’ केंद्र का शुभारंभ: कानून-व्यवस्था और सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने SP विजय कुमार पाण्डेय की अनूठी पहल

रिटायर्ड कर्मी बनेंगे ‘पुलिस मित्र’, शाम को होगी सघन पेट्रोलिंग; नशामुक्ति और सुरक्षा के लिए महिला कमांडो टीम का गठन
🔴 आज की बात News | जांजगीर चाम्पा। जिले में कानून-व्यवस्था को जमीनी स्तर पर सुदृढ़ करने और आमजन के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने एक अहम पहल की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) की अगुवाई में थाना मुलमुला क्षेत्र के ग्राम कोसा में नए पुलिस बीट पोस्ट और ‘पुलिस मितान’ केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस केंद्र की स्थापना से ग्रामीण अंचल में सुरक्षा का घेरा और अधिक मजबूत होगा।
शाम की सघन पेट्रोलिंग और ‘पुलिस मित्र’ करेंगे सीधा संवाद
इस बीट पोस्ट के माध्यम से गांव और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिदिन शाम को पुलिस की सघन पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र के सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को ‘पुलिस मित्र’ बनाकर स्थानीय नागरिकों के साथ जोड़ा जाएगा। यह टीम गांव में सुरक्षा, शांति व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और साफ-सफाई जैसे बुनियादी विषयों पर ग्रामीणों से निरंतर संवाद करेगी।
नशामुक्ति और जागरूकता के लिए महिला कमांडो टीम गठित
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने गांव की सक्रिय एवं जागरूक महिलाओं को एकजुट कर ‘महिला कमांडो टीम’ का गठन किया। यह महिला कमांडो टीम गांव में महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने, सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने और गांव में सकारात्मक वातावरण तैयार करने में पुलिस का सहयोग करेगी।
नशामुक्ति पर विशेष जोर, ग्रामीणों को किया जागरूक
SP विजय कुमार पाण्डेय ने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए नशामुक्ति पर विशेष बल दिया। उन्होंने नशापान से होने वाले पारिवारिक, आर्थिक और शारीरिक दुष्प्रभावों को रेखांकित करते हुए युवाओं व ग्रामीणों को हर प्रकार के नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का मुख्य ध्येय जनता और खाकी के बीच आपसी विश्वास को बढ़ाना और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
शुभारंभ कार्यक्रम में थाना प्रभारी मुलमुला शिवानंद सिंह, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




