बिरकोनी में पिता समेत दो मासूम बच्चों के शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

नैला चौकी क्षेत्र की घटना, CSP योगिताबाली खापर्डे ने घटनास्थल पहुंचकर लिया जायजा, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच जारी।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
जिले के नैला चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरकोनी में बुधवार को एक व्यक्ति और उसके दो मासूम बच्चों के शव घर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए CSP योगिताबाली खापर्डे स्वयं घटनास्थल पहुंचीं और अधिकारियों को हर पहलू से जांच करने के निर्देश दिए।
घर के भीतर मिले तीनों के शव
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रमेश कुमार पटेल के रूप में हुई है। उसके साथ उसके दो बच्चों के शव भी घर के अंदर मिले हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
पत्नी से विवाद के बाद सामने आई घटना
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लगभग एक सप्ताह पूर्व मृतक का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी मायके चली गई थी। बताया जा रहा है कि 16 जून को रमेश कुमार पटेल पत्नी को वापस लाने उसके मायके गया था, लेकिन पत्नी के वापस आने से इंकार करने पर वह अकेले घर लौट आया था।बुधवार सुबह मृतक के पिता परदेसी राम पटेल को सूचना मिली कि उनका पुत्र और दोनों नाती घर में मृत अवस्था में पड़े हैं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
CSP पहुंचीं मौके पर, फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना पर नैला चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मृत्यु के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच पूरी होने और रिपोर्ट मिलने के बाद ही घटना के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।




