छत्तीसगढ़ में स्मृति ईरानी संभालेंगी भाजपा का मोर्चा: आलाकमान ने सौंपी प्रदेश प्रभारी की अहम जिम्मेदारी

सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभु के साथ मिलकर तैयार करेंगी संगठन का नया चुनावी व प्रशासनिक रोडमैप
🔴 आज की बात News | रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने देशभर में संगठनात्मक ढांचे को नया रूप देते हुए कई राज्यों के प्रभारियों व सह-प्रभारियों की सूची जारी की है। इसी फेरबदल के तहत छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन की कमान पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के हाथों में सौंपी गई है। उनके साथ सांगठनिक कार्यों को गति देने के लिए सिद्धार्थ शंभु को प्रदेश सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद से रिक्त था पद
उल्लेखनीय है कि इससे पहले छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी नितिन नबीन के पास थी। जनवरी 2026 में नितिन नबीन को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का दायित्व सौंपे जाने के बाद से ही राज्य में प्रभारी का पद रिक्त चल रहा था। केंद्रीय नेतृत्व के इस नए आदेश के बाद राज्य में नेतृत्व को लेकर बना असमंजस पूरी तरह समाप्त हो गया है।
जमीनी स्तर पर संगठन को मिलेगी नई दिशा
वरिष्ठ नेत्री स्मृति ईरानी की नियुक्ति को राज्य में पार्टी की भावी रणनीतियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभु के साथ मिलकर यह नई टीम जमीनी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने और सत्ता व संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का काम करेगी। जल्द ही दोनों नेता राज्य का दौरा कर संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा शुरू करेंगे।





