जाँजगीर -चाँपा

पामगढ़ में सड़क निर्माण की मांग पर उग्र आंदोलन, चक्काजाम से थमा जनजीवन; सड़क पर चूल्हा जलाकर बारिश में डटे रहे ग्रामीण

डोंगाकहरौद मार्ग निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन पांचवें दिन भी जारी। प्रशासन से कई दौर की वार्ता बेनतीजा, मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

जिले के पामगढ़ विकासखंड में डोंगाकहरौद मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन शुक्रवार को और उग्र हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पामगढ़ आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर चक्काजाम कर दिया, जिससे क्षेत्र में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। बसों, निजी वाहनों और मालवाहक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, वहीं आम लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क जर्जर होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। कई बार मांग उठाने के बाद भी समाधान नहीं मिलने पर उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

सड़क पर जला चूल्हा, आंदोलन स्थल बना अस्थायी रसोईघर

आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्य सड़क पर ही चूल्हा जलाकर भोजन बनाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक वे धरना स्थल से नहीं हटेंगे। उनका कहना है कि अब आंदोलन स्थल ही उनका ठिकाना है और यहीं भोजन बनाकर सभी आंदोलनकारी सड़क निर्माण की मांग पूरी होने तक डटे रहेंगे।

बारिश में भी नहीं डिगे आंदोलनकारी

शुक्रवार को बीच-बीच में हुई बारिश भी आंदोलनकारियों का हौसला नहीं तोड़ सकी। तेज बारिश के बावजूद महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और युवा धरना स्थल पर डटे रहे। सड़क पर ही चूल्हा जलाकर भोजन बनाया गया और आंदोलन लगातार जारी रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर स्पष्ट निर्णय और समयबद्ध कार्ययोजना मिलने तक वे पीछे नहीं हटेंगे।

पांचवें दिन भी जारी रहा आमरण अनशन

डोंगाकहरौद मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आमरण अनशन लगातार पांचवें दिन भी जारी रहा। अनशन के दौरान तीन आंदोलनकारियों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बावजूद अन्य ग्रामीण धरना स्थल पर डटे रहे और मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की घोषणा की।

प्रशासन से कई दौर की वार्ता, नहीं निकला समाधान

आंदोलन समाप्त कराने के लिए अतिरिक्त कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर अपनी टीम के साथ तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार पुलिस बल के साथ धरना स्थल पहुंचे। अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से कई दौर की चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार की सहमति नहीं बन सकी थी। दोनों पक्षों के बीच अंतिम दौर की बातचीत जारी थी।

व्यापारियों का मिला समर्थन, जनजीवन प्रभावित

आंदोलन के समर्थन में पामगढ़ क्षेत्र के कई व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। चक्काजाम के कारण पूरे क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित रहा। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और आवश्यक होने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। वहीं आंदोलनकारी अपनी मांगों पर अडिग हैं और सड़क निर्माण को लेकर ठोस निर्णय होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।

Related Articles

Back to top button