डोंगाकोहरौद के मां शिरीष पाठ मंदिर में घट स्थापना के साथ प्रज्ज्वलित हुई अखंड ज्योत, 250 से अधिक मनोकामना दीप जगमगाए

शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुआ अनुष्ठान; नौ दिनों तक लगा रहेगा श्रद्धालुओं का तांता
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। पामगढ़ अंचल के सुप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक देवी धाम मां शिरीष पाठ मंदिर डोंगाकोहरौद में शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस पर वैदिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ घट स्थापना की गई। इसके साथ ही मंदिर परिसर में माता के भक्तों द्वारा प्रज्ज्वलित कराए गए मनोकामना ज्योति कलशों की अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई। घट स्थापना के साथ ही समूचा मंदिर प्रांगण माता के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा।

250 से अधिक मनोकामना ज्योति कलश स्थापित
मां शिरीष पाठ सेवा समिति से मिली जानकारी के अनुसार, इस वर्ष शारदीय नवरात्र पर्व पर क्षेत्र सहित दूर-दराज के 250 से अधिक श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामना पूर्ति हेतु तेल एवं घृत के ज्योति कलश स्थापित करवाए हैं। घट स्थापना के बाद नौ दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के दौरान देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, आरती और अनुष्ठान निरंतर चलेंगे।
समिति के सदस्य और ज्योति सेवक रहे उपस्थित

घट स्थापना एवं दीप प्रज्ज्वलन के इस धार्मिक अवसर पर गांव के विशिष्ट नागरिक संतोष कौशिक, घनश्याम साहू तथा नवजागरण शिरीष कल्याण सेवा समिति के पदाधिकारी व सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इनमें देवकुमार पाण्डेय, बरसन कश्यप, सुमन कश्यप, धनेंद्र कौशिक, जोहन पटवा, श्याम कश्यप, छोटेलाल साहू, माखन कश्यप, हरीलाल धीवर, रामकृष्ण कश्यप, गीतेश सारथी शामिल रहे।
इसके साथ ही अखंड ज्योत की निरंतर सेवा व देखरेख में जुटे ज्योति सेवक नरहरी पटेल, रामलाल कौशिक, लव पटेल, उपेंद्र कश्यप, इंद्र कुमार कश्यप, संजू साहू, जुगनू पटेल, दुष्यंत कौशिक, भुनेश्वर कश्यप, छोटे कुमार कश्यप सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
नौ दिनों तक लगा रहेगा भक्तों का मेला
पामगढ़ अंचल के प्रमुख आस्था केंद्र होने के कारण मां शिरीष पाठ मंदिर में नवरात्र के सभी नौ दिनों तक आसपास के गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों से दर्शनार्थियों के आने का सिलसिला जारी रहेगा। मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, दर्शन व्यवस्था और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।






